महिला थाने के बाहर पति-पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा! बाइक के लिए सड़क पर कॉलर पकड़कर हुई लड़ाई, वीडियो वायरल

यूपी तक

• 11:28 AM • 15 Jul 2026

Hardoi Husband Wife Fight: उत्तर प्रदेश के हरदोई में महिला थाने के बाहर पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हो गया. बाइक वापस लेने को लेकर दोनों में कहासुनी के बाद सड़क पर हाथापाई शुरू हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Google CTA

Hardoi Husband Wife Fight: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. महिला थाने के बाहर हुई इस घटना में दोनों के बीच जमकर कहासुनी और हाथापाई देखने को मिली. मामला सिर्फ एक बाइक का नहीं बल्कि दहेज, घरेलू विवाद और रिश्तों में बढ़ते तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है. वीडियो में पति-पत्नी एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर खींचतान करते नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

यह भी देखें...

महिला थाने के बाहर शुरू हुआ विवाद

मामला हरदोई के महिला थाने के बाहर का है, जहां सोमवार को पति-पत्नी के बीच पहले बहस हुई और देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों सड़क पर ही भिड़ गए. दोनों ने एक-दूसरे का कॉलर पकड़ लिया और खींचतान शुरू कर दी. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो वहीं कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू कर दिया.

कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोग इस घटना को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रिया देने लगे. किसी ने इसे बाइक का विवाद बताया तो किसी ने इसे टूटते रिश्तों की तस्वीर करार दिया.

शादी के कुछ महीने बाद ही शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, हरदोई के हरियावां थाना क्षेत्र के निवादा सातन गांव निवासी रेशमा देवी की शादी इसी साल 20 अप्रैल को शाहजहांपुर के जलालाबाद निवासी सचिन कुमार से हुई थी. शादी को अभी कुछ ही महीने हुए थे कि दोनों के रिश्ते में विवाद शुरू हो गया.

रेशमा देवी का आरोप है कि शादी में उनके पिता ने 5 लाख रुपये नकद और एक बाइक दहेज में दी थी. इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से कार की मांग की जा रही थी. महिला का आरोप है कि कार नहीं मिलने पर उसे लगातार परेशान किया गया और 27 जून को उसके साथ मारपीट भी की गई. इसके बाद उसका पति उसे मायके छोड़कर चला गया.

महिला थाने में हुई थी काउंसलिंग

विवाद बढ़ने के बाद रेशमा ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों को काउंसलिंग के लिए बुलाया था, ताकि बातचीत के जरिए मामले को सुलझाया जा सके.

महिला थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों की बात सुनी गई और पुलिस व काउंसलर ने समझौते की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका. इसके बाद दोनों पक्ष थाने से बाहर आ गए.

बाइक वापस मांगने पर शुरू हुआ हंगामा

थाने से बाहर निकलने के बाद रेशमा ने अपने नाम पर दर्ज बाइक वापस मांगी. महिला का कहना था कि बाइक उसके नाम पर है, इसलिए उसे वापस मिलनी चाहिए. वहीं पति सचिन इस बात से सहमत नहीं हुआ.

इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर बहस शुरू हो गई. धीरे-धीरे विवाद बढ़ा और दोनों एक-दूसरे से धक्कामुक्की करने लगे. इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों सड़क पर एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर खींचतान करने लगे.

पुलिस ने पहुंचकर कराया मामला शांत

हंगामे की सूचना मिलते ही यूपी 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अलग कराया. इसके बाद दोनों पक्षों को शहर कोतवाली ले जाया गया, जहां दोबारा बातचीत कराई गई.

पुलिस के अनुसार, काफी देर तक समझाने के बाद दोनों के बीच समझौता हो गया और मामला शांत हो गया. पुलिस ने बताया कि महिला थाने में पति-पत्नी को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था, लेकिन समझौता नहीं हो सका. बाहर निकलने के बाद बाइक को लेकर दोनों में विवाद हुआ और मारपीट की स्थिति बन गई.

फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया है. हालांकि यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि पारिवारिक विवादों का समाधान सड़क पर नहीं बल्कि बातचीत और समझदारी से निकालना ज्यादा बेहतर होता है.