यूपी पुलिस में कांस्टेबल की ड्यूटी करने वाले जवानों ने क्रैक किया SI Exam, रिजल्ट आते ही अफसरों ने मिठाई खिलाकर दी बधाई!

यूपी तक

• 04:37 PM • 16 Jul 2026

UP Police SI Result 2026: UP Police SI Result 2025 में 4543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है, जिसमें 994 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं. इस भर्ती में कई यूपी पुलिस के सिपाहियों ने भी सफलता हासिल कर दरोगा का पद हासिल किया.

Google CTA

UP Police SI Result 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा बनने का सपना लेकर तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी आई है. यूपी पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी हो चुका है. इस रिजल्ट के बाद कई ऐसे पुलिसकर्मियों की कहानियां सामने आ रही हैं, जिन्होंने अपनी नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई जारी रखी और अब सिपाही से दरोगा बन गए हैं. इन जवानों की सफलता से उनके परिवार के साथ-साथ पुलिस विभाग में भी खुशी का माहौल है.

यह भी देखें...

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) की ओर से जारी किए गए फाइनल रिजल्ट में कुल 4543 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है. इसमें 994 महिला अभ्यर्थी भी शामिल हैं. भर्ती बोर्ड ने पदवार और श्रेणीवार परिणाम जारी कर दिया है. हालांकि अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर 22 जुलाई को जारी किए जाएंगे, जिसके बाद उम्मीदवार अपने अंक भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर देख सकेंगे.

15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

यूपी पुलिस SI भर्ती परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. इस भर्ती के लिए करीब 15.75 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था. वहीं लगभग 10 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे.

लिखित परीक्षा का आयोजन 14 और 15 मार्च 2026 को चार पालियों में ऑनलाइन माध्यम से कराया गया था. इसके बाद 7 मई को लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया गया, जिसमें करीब 12 हजार अभ्यर्थी अगले चरण के लिए सफल हुए थे. इसके बाद शारीरिक परीक्षा और अन्य प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद फाइनल रिजल्ट जारी किया गया. इस भर्ती में सौरभ वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है. उन्होंने SI भर्ती परीक्षा में रैंक-1 प्राप्त की है.

सिपाही देवेश पांडेय बने दरोगा, एसपी ने दी बधाई

दरोगा भर्ती में सफल होने वाले कई मौजूदा पुलिसकर्मियों की कहानियां सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. प्रतापगढ़ में तैनात सिपाही देवेश पांडेय ने भी यूपी SI परीक्षा में सफलता हासिल कर दरोगा बनने का गौरव हासिल किया है.

रिजल्ट आने के बाद प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने देवेश पांडेय को बुलाकर मिठाई खिलाई और उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं. देवेश ने अपनी सफलता के बाद कहा कि वह इस खुशी को शब्दों में बयां नहीं कर सकते. रिजल्ट के बाद लगातार उन्हें लोगों के फोन और बधाई संदेश मिल रहे हैं.

उन्होंने अन्य अभ्यर्थियों को संदेश देते हुए कहा कि अगर सफलता हासिल करनी है तो मेहनत लगातार जारी रखनी होगी. ट्रेनिंग के दौरान मिलने वाले समय का सही इस्तेमाल करना चाहिए और थकान के बावजूद अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखना चाहिए.

लखनऊ के कांस्टेबल नकुल कुमार की भी हुई चर्चा

लखनऊ में तैनात कांस्टेबल नकुल कुमार की सफलता भी चर्चा में है. हजरतगंज थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह समेत पुलिस टीम ने यूपी SI परीक्षा पास करने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. नकुल कुमार ने ड्यूटी निभाने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी और अब वह दरोगा बनने जा रहे हैं.

मजदूर पिता के बेटे अजय कुमार प्रजापति बने दरोगा

जौनपुर के सिकरारा थाने में तैनात सिपाही अजय कुमार प्रजापति ने भी यूपी SI परीक्षा में सफलता हासिल की है. उन्होंने परीक्षा में 119वीं रैंक प्राप्त की है.

अजय की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता मजदूरी करते हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया.

ड्यूटी के साथ पढ़ाई कर हासिल की सफलता

यूपी पुलिस के कई जवानों ने साबित किया है कि अगर मेहनत और इच्छाशक्ति मजबूत हो तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. पुलिस की नौकरी में लंबे समय तक ड्यूटी करने के बावजूद इन जवानों ने पढ़ाई के लिए समय निकाला और SI परीक्षा में सफलता हासिल की.

सिपाही से दरोगा बनने वाले इन जवानों की सफलता अब दूसरे अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा बन रही है. पुलिस विभाग में भी इनकी उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है.