UP News: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रद्धालुओं और कांवड़ संघों से बड़ी अपील की है. शामली में ₹581 करोड़ से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का आयोजन नहीं बल्कि अनुशासन, मर्यादा और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि आज कांवड़ यात्रा को कोई रोक नहीं रहा है, बल्कि सरकार और प्रशासन पूरी व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं के साथ खड़े हैं. उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुष्प वर्षा और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
'राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला और शिव की समरसता अपनाएं'
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ संघों से अपील करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालुओं को भगवान राम की मर्यादा, भगवान कृष्ण की लीला और भगवान भोलेनाथ की समरसता को अपने व्यवहार में उतारना चाहिए. उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन और धैर्य सबसे बड़ी ताकत होती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर किसी भी तरह का हुड़दंग या अनुशासनहीनता नहीं होनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यात्रा के दौरान कोई गलत गतिविधि होती है तो विरोधी ताकतें इसका इस्तेमाल कांवड़ यात्रा को बदनाम करने के लिए कर सकती हैं.
'उपद्रव करने वालों को रोकना समाज की जिम्मेदारी'
सीएम योगी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति कांवड़ यात्रा की गरिमा को नुकसान पहुंचाने या उपद्रव करने की कोशिश करता है तो ऐसे लोगों को तुरंत अलग कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और उनकी आस्था का पूरा सम्मान कर रही है. डबल इंजन की सरकार कांवड़ यात्रा के दौरान हर संभव सहयोग दे रही है और प्रशासन भी यात्रियों की सेवा में जुटा है.
30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलेगी कांवड़ यात्रा
इस साल कांवड़ यात्रा 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त यानी सावन शिवरात्रि तक चलेगी. यात्रा को लेकर सरकार ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारी की है. स्थानीय व्यापारी, उद्यमी और स्वयंसेवी संगठन भी श्रद्धालुओं की सहायता के लिए आगे आ रहे हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर श्रद्धालुओं से अपील की कि वे भक्ति और आस्था के साथ यात्रा की मर्यादा बनाए रखें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सफल तरीके से पूरी हो सके.
ADVERTISEMENT










