26 दिनों बाद सोनम वांगचुक ने खत्म किया अनशन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर बताई ये योजना

यूपी तक

• 11:51 AM • 24 Jul 2026

Sonam Wangchuk hunger strike: 26 दिनों के लंबे अनशन के बाद सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है. देर रात करीब 11 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की, जिसके बाद सरकार से मिले लिखित आश्वासन के आधार पर उन्होंने यह कदम उठाया है.

Google CTA

Sonam Wangchuk hunger strike: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों के लंबे अनशन के बाद अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है. देर रात करीब 11 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मेदांता अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की, जिसके बाद सरकार से मिले लिखित आश्वासन के आधार पर उन्होंने अनशन खत्म कर दिया है. इससे पहले विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने भी पत्र लिखकर उनसे अनशन तोड़ने का आग्रह किया था. सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि देश में संभावित हिंसा को रोकने और छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया गया है.

यह भी देखें...

सरकार के लिखित आश्वासन की शर्तें

सरकार की तरफ से सोनम वांगचुक को जिन तीन मुख्य बिंदुओं पर लिखित आश्वासन दिया गया है, उनमें पहली शर्त यह है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले और 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल हुए युवाओं पर कोई एफआईआर या कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी. दूसरी शर्त के तहत नीट पेपर लीक हादसे में जान गंवाने वाले 20 से अधिक पीड़ित छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा. वहीं तीसरी शर्त यह है कि देश की संसद में पेपर लीक रोकने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सरकार की जवाबदेही तय करने पर पूरी चर्चा कराई जाएगी.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर जवाब

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर बात करते हुए सोनम वांगचुक ने कहा कि इस विषय पर सरकार की तरफ से फिलहाल कोई आश्वासन नहीं मिल पाया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके लिए सबसे ज्यादा जरूरी युवाओं को मुकदमों और एफआईआर के चक्कर से बचाना था. उन्होंने लद्दाख में देखा है कि कैसे एक एफआईआर की वजह से युवाओं का पूरा करियर और भविष्य खराब हो जाता है. सोनम वांगचुक ने कहा कि अगर शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो इससे बच्चों का कोई नुकसान नहीं होगा, बल्कि सरकार का खुद ही नुकसान होगा.

जंतर-मंतर पर जारी रहेगा प्रदर्शन

सोनम वांगचुक का अनशन खत्म होने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधि अभिजीत दीपके ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने वांगचुक के अनशन समाप्त करने पर खुशी और राहत जताई और कहा कि उनकी जान देश के लिए बेहद कीमती है. हालांकि, दीपके ने साफ एलान किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के 26 दिनों के संघर्ष और छात्रों के त्याग को बेकार नहीं जाने दिया जाएगा.