बरेली में कक्षा 8 के छात्र को डांटना शिक्षक को पड़ गया भारी! आरोपियों ने टीचर की बीच सड़क कर दी ये हालत

यूपी तक

• 03:54 PM • 27 Jul 2026

Bareilly News: बरेली के बहेड़ी में एक शिक्षक द्वारा छात्र को डांटने के बाद विवाद हो गया है. आरोपी युवकों ने पहले शिक्षक के साथ मारपीट की है, इसके बाद पुलिस चौकी में भी जमकर हंगामा काटा और पुलिसकर्मियों के साथ हाधापाई कर डाली.

Google CTA

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित नारायण नगला पुलिस चौकी में जमकर हंगामा हुआ है. कक्षा 8 के छात्र को डांटने से भड़के कुछ युवकों ने पहले शिक्षक के साथ मारपीट की और फिर पुलिस चौकी के अंदर भी जमकर बवाल काटा है. आरोपियों ने चौकी परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की है. इतना ही नहीं, आरोपियों ने सिपाहियों को थप्पड़ मारे और पुलिस चौकी फूंकने की धमकी भी दे डाली. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है.

यह भी देखें...

रास्ते में रोककर शिक्षक से मारपीट

बहेड़ी के विवेकानंद इंटर कॉलेज में पढ़ाने वाले शिक्षक कुलदीप सिंह ने पढ़ाई न करने पर 24 जुलाई 2026 को कक्षा 8 के छात्र रोहित को डांट दिया था. इसी बात से नाराज होकर छात्र ने बदला लेने की योजना बनाई. छुट्टी के बाद जब शिक्षक दो महिला शिक्षिकाओं के साथ घर लौट रहे थे, तब छात्र रोहित ने अपने साथी संजय सिंह और अमित गुर्जर के साथ मिलकर मकरूका गांव के पास उन्हें रोक लिया. आरोपियों ने शिक्षक के साथ मारपीट की और साथ मौजूद महिला अध्यापिकाओं के साथ भी अभद्रता की है.

चौकी परिसर में किया भारी हंगामा

घटना की शिकायत मिलने पर 25 जुलाई 2026 की शाम नारायण नगला पुलिस चौकी पर दोनों पक्षों को बुलाया गया. पुलिस चाहती थी कि छात्र अपनी गलती मानकर शिक्षक से माफी मांग ले और मामला शांत हो जाए. लेकिन माफी मांगने की बात पर आरोपी पक्ष भड़क गया और चौकी परिसर में ही गाली-गलौज और तोड़फोड़ शुरू कर दी. आरोपी संजय सिंह ने चौकी के अंदर ही शिक्षक से दोबारा मारपीट की और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की. इस दौरान हेड कांस्टेबल कपिल कुमार और ओवेंद्र के साथ मारपीट की गई तथा चौकी को फूंकने की धमकी दी गई.

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी

चौकी के अंदर हुई इस घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया. पुलिस ने मुकदमा संख्या 580/26 पंजीकृत कर मुख्य आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपी संजय सिंह स्कूल का नहीं, बल्कि एक डिग्री कॉलेज का छात्र है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वाले अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.