मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान एक नया विवाद खड़ा हो गया. कार्यक्रम में एक कॉमेडियन द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की गई. इसमें कही गई बात को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं और समर्थकों ने प्रधानमंत्री की मां के अपमान के रूप में देखा. इस पूरी घटना के सामने आने के बाद राजनीति में फिर गर्म हो गई है.
ADVERTISEMENT
कॉमेडियन पुलकित मणि का एक्ट वायरल, राहुल गांधी की चुप्पी पर उठे सवाल
कार्यक्रम में कॉमेडियन पुलकित मणि द्वारा किया गया एक्ट सोशल मीडिया पर वायरल है. बीजेपी नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री की मां के प्रति अपमानजनक बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की है. इसके साथ ही, मंच पर इस तरह की टिप्पणी के बावजूद राहुल गांधी के मुस्कुराने को लेकर भी उन्हें जिम्मेदार ठहराया जा रहा है. मुख्य विपक्षी नेता होने के नाते इस प्रकार की घटनाओं पर राहुल गांधी की प्रतिक्रिया और जवाबदेही पर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं.
'मैं होता तो मां का अपमान बर्दाश्त नहीं करता'- बृजभूषण शरण सिंह
इस पूरे विवाद में पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी राहुल गांधी को उनकी जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी है. बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अगर वे राहुल गांधी की जगह होते तो किसी की भी मां का अपमान बर्दाश्त नहीं करते. उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संस्कृति में मां का स्थान बहुत बड़ा है और किसी की भी मां का अपमान करना समझदारी नहीं है. राहुल गांधी को चाहिए कि वे ऐसी घटनाओं को रोकें और अपनी जिम्मेदारी निभाएं.
ADVERTISEMENT










