अखिलेश यादव इस दिन रथ लेकर जाएंगे रायबरेली, सपा विधायक राहुल लोधी के घर पिएंगे चाय, हो गया आधिकारिक ऐलान

यूपी तक

20 Sep 2026 (अपडेटेड: 20 Sep 2026, 05:53 PM)

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी और पुलिस के बीच कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. अखिलेश यादव 24 सितंबर को रथ लेकर रायबरेली पहुंचेंगे और विधायक राहुल लोधी के घर चाय पिएंगे.

Google CTA

Raebareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी और पुलिस के बीच कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. अखिलेश यादव ने कल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ऐलान किया था कि वो 24 सितंबर को अपना रथ लेकर रायबरेली जाएंगे और विधायक राहुल लोधी के साथ चाय पियेंगे. अब इस पूरे कार्यक्रम को लेकर सपा ने एक पत्र जारी किया है. जिसके अनुसार यह रथ 24 सितंबर की दोपहर 12 बजे लखनऊ से निकलेगा और दोपहर 1:30 बजे तक रायबरेली पहुंचेगा. जानकारी के लिए बता दें यह विवाद फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और ABVP के बीच सदस्यता अभियान को लेकर शुरू हुआ था. अब ये यूपी की राजनीति का एक बड़ा मुद्दा बन गया है. 

यह भी देखें...

विधायक ने पुलिस पर लगाए आरोप

सपा विधायक राहुल लोधी ने पुलिस पर अनदेखी और प्रोटोकॉल तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है. उनका कहना है कि विवाद के समय एसपी रायबरेली ने उनका फोन नहीं उठाया और कहा कि वह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त हैं. उन्होंने कहा पुलिस ने उनके बजाय एबीवीपी के कार्यकर्ताओं से पहले मुलाकात की थी. 

लोधी और पासी समाज की बात

विधायक राहुल लोधी ने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि बीजेपी सिर्फ वोट के लिए लोधी और पासी समाज का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी पार्टी चाहती है कि इन समाजों के नेताओं की हत्या हो जाए और यह समाज हमेशा उनकी गुलामी करता रहे. इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा है कि 2027 के चुनाव में लोधी और पासी समाज समाजवादी पार्टी का साथ देगा.

अखिलेश यादव निकालेंगे अपना रथ

रायबरेली में पुलिस और सपा के बीच झड़प को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीधे पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) पर हमला बताया है. अखिलेश ने कहा, 'मैं 24 तारीख को राहुल लोधी जी के घर चाय पीने जाऊंगा. मेरे पास दो रथ तैयार हैं, हम रथ से ही वहां चलेंगे.' अखिलेश यादव के इस ऐलान के बाद रायबरेली के प्रशासन में हलचल तेज हो गई है.

अखिलेश यादव का पूरा कार्यक्रम

समाजवादी पार्टी की तरफ से अखिलेश यादव के रायबरेली दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम को लेकर पत्र जारी किया गया है.  इस पत्र के अनुसार, अखिलेश यादव 24 सितंबर 2026 को सुबह 11:15 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास (1-विक्रमादित्य मार्ग) से रायबरेली के लिए निकलेंगे. इसके बाद दोपहर करीब 12:00 बजे वह रायबरेली जिले के बछरावां थाना क्षेत्र स्थित चूरूआ गांव पहुंचेंगे. 

यहां से वो दोपहर करीब 12:15 बजे रथ पर सवार होकर आगे की यात्रा करेंगे. दोपहर 01:30 बजे अखिलेश यादव रायबरेली के घंटाघर चौराहा के पास स्थित विधायक राहुल लोधी के आवास पर पहुंचेंगे. शाम 05:00 बजे वह विधायक के घर से कार द्वारा वापस प्रस्थान करेंगे और शाम 06:30 बजे लखनऊ स्थित अपने आवास पर लौट आएंगे.

पुलिस ने मारपीट से किया इनकार

इस पूरे विवाद पर रायबरेली पुलिस का बयान भी सामने आया है. पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं और विधायक के साथ किसी भी तरह की मारपीट के दावों को पूरी तरह से गलत और निराधार बताया है. पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच विवाद हो रहा था और कुछ लोग स्थिति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने सिर्फ बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया था.

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के सामने आपस में भिड़ गए सपा के 2 नेता, बैठक खत्म होते ही एटा-कासगंज की सभी इकाइयां हुईं भंग