शादी के अभी महज 20 दिन ही बीते थे, हाथों की मेहंदी का रंग भी पूरी तरह फीका नहीं पड़ा था कि शक, झगड़े और पारिवारिक तनाव ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित जुगरा मऊ गांव में 25 साल की नवविवाहित युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में जान दे दी. पति की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में भर्ती पत्नी ने भी जान देने की कोशिश की. इस दुखद घटना से एक तरफ जहां परिवार में मातम पसरा हुआ है वहीं दूसरी तरफ बीच सड़क पर पति-पत्नी के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
शादी के 20 दिन बाद ही शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जुगरा मऊ निवासी 25 साल के अंकित कुशवाहा की शादी बीते 6 जुलाई 2026 को खुशबू के साथ हुई थी. परिजनों को उम्मीद थी कि घर में नई बहू के आने से खुशियां आएंगी. लेकिन शादी के 20 दिन बाद ही हालात बिगड़ गए. परिजनों का आरोप है कि घटना से एक दिन पहले खुशबू बाजार गई थी, जहां अंकित ने उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ देख लिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
बस स्टैंड पर मारपीट का वीडियो वायरल
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बस स्टैंड के पास सड़क पर ही हाथापाई और हंगामा होने लगा. आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और दोनों को घर भेजा. इस दौरान हुई मारपीट का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है.
खेत में उठाया खौफनाक कदम, परिजनों में कोहराम
घर लौटने के बाद भी दोनों के बीच तनाव बना रहा. अगले दिन सुबह अंकित घर से करीब 200 मीटर दूर खेत की ओर गया जहां उसने जान दे दी. सूचना मिलते ही फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
पति की मौत की खबर सुन पत्नी ने भी की कोशिश
पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी खुशबू की तबीयत बिगड़ गई और उसने भी खौफनाक कदम उठाने का प्रयास किया. परिजनों ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
आरोप-प्रत्यारोप और पुलिस का बयान
अस्पताल में भर्ती खुशबू का कहना है कि उसके पति को गलतफहमी हो गई थी. वह बाजार में कपड़े खरीदने गई थी, जहां पर्स छीनकर भाग रहे चोरों को लेकर गलतफहमी हुई और अंकित ने उसके साथ मारपीट की. खुशबू ने उल्टा अपने पति और भाभी के संबंधों को लेकर शक जताया है. मृतक अंकित के बड़े भाई राजेश का आरोप है कि बहू किसी अन्य व्यक्ति के साथ जा रही थी, जिसको लेकर विवाद हुआ और अंकित तनाव में आ गया. परिवार का कहना है कि उन्होंने लिखित समझौते के बिना बहू को घर में रखने से इनकार कर दिया था.
पुलिस का आधिकारिक बयान
पुलिस अधिकारी के अनुसार, '27 जुलाई को सूचना मिली कि एक युवक ने सुसाइड कर लिया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें बस स्टैंड पर झगड़ा होता दिख रहा है. वीडियो और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.'
ADVERTISEMENT










