प्रयागराज प्रोटेस्ट में 10 लोग हुए गिरफ्तार, इस पूर विवाद में घिरे IPS मनीष शांडिल्य कौन हैं?

यूपी तक

• 12:53 PM • 29 Jul 2026

जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद प्रयागराज पुलिस की कार्रवाई पर सियासत तेज हो गई है. अखिलेश यादव के आरोपों के बीच डीसीपी मनीष शांडिल्य ने गिरफ्तार लोगों को उपद्रवी बताया, जबकि नए पुलिस कमिश्नर की तैनाती से विवाद और गहरा गया.

Google CTA

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन खत्म होते ही एक नया बड़ा सियासी बवाल खड़ा हो गया है. केंद्र सरकार के वादों और छात्रों पर हो रही दंडात्मक कार्रवाई को लेकर कपिल सिब्बल के साथ सीजेपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मामला और गरमा गया है. इस बीच उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से आई तस्वीरों ने सियासत में उथल-पुथल मचा दी है. 25 तारीख के महा-आंदोलन के बाद यूपी पुलिस की विशेष टीम द्वारा बिना नंबर की गाड़ियों में करीब 10 लोगों को हिरासत में लिए जाने का वीडियो वायरल होने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया है. इस पूरे घटनाक्रम के बीच प्रयागराज के डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य और रातों-रात बदले गए नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया केंद्र में आ गए हैं.

यह भी देखें...

अखिलेश यादव का हमला

सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों और वीडियो को शेयर करते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रयागराज पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए. अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रयागराज प्रोटेस्ट के नाम पर कई छात्रों को यूपी पुलिस की स्पेशल टीम बिना नंबर प्लेट की गाड़ियों में उठाकर ले गई है. उन्होंने अदालत से गुहार लगाते हुए कहा कि इन छात्रों के जीवन पर खतरा मंडरा रहा है, इसलिए कोर्ट को इस पर तुरंत संज्ञान लेना चाहिए. इस घटना के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स भी प्रयागराज पुलिस को घेर रहे हैं.

डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य का दावा

प्रयागराज पुलिस पर उठते सवालों के बीच 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी और डीसीपी सिटी मनीष शांडिल्य का बयान सामने आया है. उन्होंने साफ किया कि जिन 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे छात्र नहीं बल्कि उपद्रवी हैं.

आईपीएस मनीष शांडिल्य का बयान

"आंदोलन के दौरान हुई तोड़फोड़ की जांच वीडियो फुटेज और सीसीटीवी के जरिए की गई. अब तक 10 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है. इनका बैकग्राउंड चेक करने पर पता चला कि इनमें से कोई भी छात्र नहीं है. इनमें कोई फल-सब्जी विक्रेता है, कोई होटल में सफाई कर्मचारी है, तो कोई स्थानीय थाने का हिस्ट्रीशीटर है."

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए 10 लोगों में शिवम यादव, अभिषेक सोनकर, अवनीश यादव, अमर यादव, कारगिल सिंह, आशीष यादव, दिलशाद, मोहम्मद सुफियान, मोहम्मद वैश और संदीप कुमार शामिल हैं.

कौन हैं IPS मनीष शांडिल्य?

राजस्थान के करौली के रहने वाले मनीष शांडिल्य ने बीटेक (प्रॉडक्शन एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग) करने के बाद 2018 में यूपीएससी क्लियर किया था. उन्हें यूपी कैडर मिला.

चर्चा में रहा संवेदनशील चेहरा: 24 तारीख को आंदोलन से ठीक एक दिन पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे शांतिपूर्ण ढंग से छात्रों की बातें सुनते नजर आ रहे थे. सोशल मीडिया पर उनके इस व्यवहार की काफी तारीफ हुई थी.

संजय सिंह से बहस और अतीक एसआईटी: इससे पहले लेखपाल भर्ती परीक्षा के समय कोचिंग संस्थानों पर ताला लगाने और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के साथ सर्किट हाउस में हुई तीखी बहस को लेकर वे विवादों में भी रहे. हालांकि, अतीक अहमद के गुर्गों पर कार्रवाई के लिए गठित एसआईटी (SIT) में भी उनकी अहम भूमिका रही है. पुलिस महकमे में उन्हें एक शांत और काम पर फोकस रखने वाला अधिकारी माना जाता है.

प्रयागराज पुलिस कमिश्नर का रातों-रात ट्रांसफर

इस पूरे विवाद और शंकराचार्य से जुड़े घटनाक्रम के बीच प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार का तबादला कर उन्हें मुरादाबाद भेज दिया गया है. उनकी जगह पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है.

नए कमिश्नर का प्रोफाइल और पुराने विवाद: पीयूष मोर्डिया भी अपने कार्यकाल के दौरान चर्चाओं में रहे हैं. 2023 में एक पत्रकार के साथ हुई बदसलूकी के आरोपों के बाद उनका वीडियो वायरल हुआ था. वहीं, फरवरी 2024 में जब वे लखनऊ में एडीजी जोन थे, तब उनके फर्जी दस्तखत बनाकर तीन सिपाहियों के ट्रांसफर का एक अनोखा मामला सामने आया था, जिसमें गौतमपल्ली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी.

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी और आगे की स्थिति

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सुप्रीम कोर्ट का भी बयान आया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि प्रदर्शनों के दौरान 18 साल से कम उम्र के नाबालिगों के खिलाफ कोई कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिएय फिलहाल प्रयागराज में नए कमिश्नर की तैनाती और डीसीपी सिटी के बयानों के बाद भी पुलिस की कार्रवाई पर राजनीतिक बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है.