3 बच्चों की मां को 20 साल छोटे युवक से इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, 15 साल पुराना रिश्ता तोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी लवली

यूपी तक

• 05:44 PM • 30 Jul 2026

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में बिहार की 38 वर्षीय तीन बच्चों की मां अपने से 20 साल छोटे प्रेमी के साथ रहने पर अड़ गई है. पुलिस, पंचायत और रोते-बिलखते बच्चों की अपील के बावजूद महिला ने पति के साथ लौटने से इनकार कर दिया है.

Google CTA

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. बिहार की रहने वाली एक 38 साल की शादी शुदा महिला अपने से 20 साल छोटे  प्रेमी के साथ रहने के लिए लखीमपुर खीरी आ गई.  यह महिला तीन बच्चों की मां है और अब उसने अपने पति और बच्चों के साथ रहने से साफ मना कर दिया है. पुलिस और ग्रामीणों के समझाने के बावजूद भी महिला अपने बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने के लिए अड़ी हुई है.

यह भी देखें...

इंस्टाग्राम पर हुई थी प्रेमी से पहचान

बिहार के रहने वाले प्रद्युम्न की शादी करीब 15 साल पहले सुमन उर्फ लवली के साथ हुई थी. दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनमें 14 साल का बड़ा बेटा, 8 साल का छोटा बेटा और 6 साल की एक बेटी है. सुमन इंस्टाग्राम पर रील्स बनाया करती थी और करीब 6 महीने पहले उसकी पहचान लखीमपुर खीरी के रहने वाले 18 साल के युवक से हुई थी, जो हरियाणा के सोनीपत में एक निजी कंपनी में काम करता था. दोनों के बीच शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और करीब 3 महीने पहले सुमन अपने पति और बच्चों को छोड़कर सोनीपत चली गई.

विवाद के बाद गांव पहुंची महिला

सोनीपत में साथ रहने के दौरान दोनों के बीच फोन पर बातचीत को लेकर विवाद शुरू हो गया. इसके बाद युवक महिला को वहीं छोड़कर अपने गांव लखीमपुर खीरी लौट आया. हालांकि महिला भी पीछे-पीछे चार दिन पहले प्रेमी के गांव पहुंच गई. जब युवक के परिवार को पूरी बात पता चली तो गांव में पंचायत बुलाई गई. ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी महिला के पति को दी, जिसके बाद पति अपने तीनों बच्चों को लेकर बिहार से लखीमपुर खीरी पहुंचा. गांव में दो दिनों तक पंचायत चलने के बाद मामला नीमगांव थाने पहुंचा.

रोते बच्चों को छोड़कर अड़ी रही मां

थाने में पुलिस, गांव के जिम्मेदार लोगों और पति ने महिला को समझाने की कोशिश की. तीनों बच्चे अपनी मां के सामने रोते रहे और घर वापस चलने की गुहार लगाते रहे. लेकिन महिला का दिल नहीं पिघला और उसने पति व बच्चों के साथ जाने से इंकार कर दिया. महिला का कहना है कि उसका पति कमाता नहीं है और बच्चे उसके पति के हैं, इसलिए वही उनकी देखभाल करेगा. वहीं युवक का कहना है कि महिला ने उससे शादी और बच्चों की बात छिपाई थी. आखिरकार दुखी पति अपने तीनों रोते हुए बच्चों को संभालते हुए वापस बिहार लौट गया.