हरदोई में दिनदहाड़े दो युवकों की हत्या से मचा कोहराम, सिर और और चेहरे पर मिले गंभीर चोटों के निशान, जांच में जुटी पुलिस

यूपी तक

• 06:15 PM • 30 Jul 2026

Hardoi Double Murder: हरदोई के संडीला क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है. दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. पुलिस ने तीन विशेष टीमों का गठन कर हत्या की जांच शुरू कर दी है.

Google CTA

Hardoi Double Murder: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार 30 जुलाई की सुबह दो युवकों की हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना संडीला कोतवाली क्षेत्र के आटामऊ गांव की है. जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी से करीब 500 मीटर दूर दोनों युवकों के शव मिले है. दोनों युवकों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स और फोरेंसिक की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.

यह भी देखें...

सड़क किनारे पड़े मिले दो शव

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को डायल 112 पर सूचना मिली कि अतरौली मार्ग पर आटामऊ जाने वाले रास्ते के पास दो डेड बॉडी पड़ी हैं. मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क किनारे एक पिकअप गाड़ी और एक बाइक खड़ी मिली, जबकि उससे कुछ ही दूरी पर दोनों युवकों के शव पड़े हुए थे. मृतकों की पहचान 26 साल के अरुण चौरसिया (पुत्र जयप्रकाश चौरसिया) और 27 साल के अभिषेक चौरसिया (पुत्र शिवराम चौरसिया) के रूप में हुई है. अरुण कछौना क्षेत्र के रैसो गांव का निवासी था और पिकअप चलाता था, जबकि अभिषेक गोनिया गांव का रहने वाला था. दोनों बुधवार 29 जुलाई की सुबह 8 बजे काम के लिए घर से निकले थे.

घटना की जांच में जुटी पुलिस

दोनों युवकों की हत्या किस वजह से की गई है, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों ने सिर में गोली मारकर हत्या करने की आशंका जताई है. फोरेंसिक टीम ने मौके से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह और तरीके का साफ पता चल सकेगा.

पुलिस ने बनाई तीन विशेष टीमें

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी (सीओ) के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी कोणों से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है.