हापुड़ में दिनदहाड़े चली इतनी गोलियां की सहम गए लोग! पुराने लेनदेन को लेकर दो गुटों में हुई भयंकर हिंसक झड़प

यूपी तक

• 12:28 PM • 01 Aug 2026

Hapur Firing: हापुड़ के सालेपुर कोटला गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव, लाठी-डंडे और फायरिंग की घटना हुई है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Google CTA

Hapur Firing: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई है. कपूरपुर थाना क्षेत्र के सालेपुर कोटला गांव में मामूली कहासुनी के बाद जमकर पथराव हुआ है. इसके साथ ही लाठी-डंडे चले और खुलेआम गोलियां भी चलाई गई हैं. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक हथियार लहराकर फायरिंग करता हुआ दिखाई दे रहा है. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

यह भी देखें...

पैसों के लेनदेन में हुआ विवाद

यह पूरा मामला सालेपुर कोटला गांव का बताया जा रहा है, जहां पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया और लाठी-डंडे चलने लगे. इसी दौरान एक युवक ने खुलेआम हथियार लहराते हुए गोलियां चला दीं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि फायरिंग करने वाला युवक हिस्ट्रीशीटर रिजवान है, हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही कपूरपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया. पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो को जांच का मुख्य आधार बनाया गया है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है.