एक मोबाइल कैमरा, कुछ सेकंड का वीडियो और यूपी पुलिस की वर्दी पर खड़े होते गंभीर सवाल. उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में जमीन के विवाद को सुलझाने पहुंची यूपी 112 की टीम खुद विवादों के घेरे में आ गई. आरोप है कि मौके पर पहुंचे SI ने एक महिला से बेहद अभद्र भाषा में बात की और वीडियो बना रहे शख्स को रोकने की कोशिश की. जब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कौशांबी के पुलिस अधीक्षक ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दे दिए.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
पूरी घटना कौशांबी जिले के थाना चरवा क्षेत्र अंतर्गत बलिपुर टाटा गांव की है. 4 अगस्त को गांव में जमीन के एक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई. सूचना मिलते ही यूपी 112 की पीआरवी मौके पर पहुंची. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि पुलिस आकर मामले को शांत कराएगी. लेकिन आरोप है कि पीआरवी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शमी बेग ने मौके पर मौजूद एक महिला और ग्रामीणों से बातचीत के दौरान अमर्यादित और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया.
सड़क पर वीडियो बनाने को लेकर तकरार
जब दरोगा महिला से उग्र भाषा में बात कर रहे थे तो वहां मौजूद एक ग्रामीण ने अपने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. दरोगा ने वीडियो बनाने पर आपत्ति जताई और उसे रोकने की कोशिश की जिस पर ग्रामीण और दरोगा के बीच तीखी बहस हुई.
ग्रामीण: 'यह बताइए, वीडियो बनाने का कोई जुर्म है क्या? कौन से अनुच्छेद में लिखा है कि वीडियो बनाना मना है?'
दरोगा: 'चुप रहो... तुमसे क्या मतलब है? काहे वीडियो बना रहा है? किसने कहा इसको वीडियो बनाने?'
इस पूरी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होते ही तेजी से वायरल हो गया जिससे पुलिस के जन-व्यवहार और कार्यशैली पर चारों तरफ सवाल उठने लगे.
एसपी ने लिया तुरंत एक्शन
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण के संज्ञान में पहुंचा. एसपी ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए तत्काल क्षेत्राधिकारी (CO) चायल को जांच के आदेश दिए. जांच में पाया गया कि उप-निरीक्षक का व्यवहार पुलिस विभाग की गरिमा और अनुशासन के विपरीत था.
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी सत्यनारायण ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शमी बेग को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन हाजिर कर दिया. इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि 'जनपद कौशांबी के थाना चरवा पर पीआरवी 5769 पर तैनात सब-इंस्पेक्टर मिर्जा शमी बेग द्वारा 4 अगस्त 2026 को बलिपुर टाटा गांव में एक इवेंट पर जाकर ग्रामीणों से आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था. इस वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित सब-इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है. शेष विधिक व विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा रही है.'
ADVERTISEMENT










