Abaan Ahmed Funeral: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे और लाडले बेटे आबान अहमद की झांसी में एक सड़क हादसे में मौत हो गई है. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद आबान के शव को प्रयागराज के हटवा गांव लाया गया है. अबान का शव उसकी बुआ परवीन कुरैशी के घर पर रखा गया है. अबान के अंतिम दर्शन के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है. अबान के बड़े भाई अली और उमर के पहुंचने के बाद उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
कसारी-मसारी में खोदी गई कब्र
अबान अहमद का अंतिम संस्कार आज प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में किया जाएगा. इसी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्रें पहले से मौजूद हैं. अतीक परिवार की इन्हीं पांच कब्रों के पास ही आबान को दफनाने के लिए कब्र खोदी जा चुकी है. गांव और बुआ के घर के आसपास सुरक्षा के लिहाज से भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है.
दोनों भाइयों को मिली पेरोल
आबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने शुक्रवार को उसके दोनों बड़े भाइयों की पेरोल अर्जी को कुछ शर्तों के साथ मंजूरी दे दी थी. इस मंजूरी के बाद, आज सुबह अली अहमद को भारी सुरक्षा के बीच झांसी जेल से प्रयागराज के लिए रवाना कर दिया गया है. वहीं, लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को भी प्रयागराज लाया जा रहा है.
बुआ के घर रहते थे दोनों छोटे भाई
बाल सुधार गृह से छूटने के बाद अतीक के दोनों छोटे बेटे, अबान और एजम, हटवा गांव में अपनी बुआ परवीन कुरैशी के घर पर ही रह रहे थे. 6 अगस्त को अबान अपनी बुआ के इसी घर से झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने के लिए निकला था. लेकिन रास्ते में तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई, जिससे अबान और उसके एक दोस्त की मौत हो गई.
भाइयों के आने के बाद होगा अंतिम संस्कार
प्रयागराज में अब अबान का शव उसके दोनों बड़े भाइयों के आने का इंतजार कर रहा है. जैसे ही उमर और अली हटवा गांव पहुंचेंगे, वे अपने छोटे भाई के अंतिम दर्शन करेंगे. इसके बाद अबान के शव को कसारी-मसारी कब्रिस्तान ले जाया जाएगा, जहां दोनों भाई उसे मिट्टी देंगे और फिर उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया जाएगा.
ADVERTISEMENT










