Aban Ahmed death: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की झांसी के पूंछ इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई है. यह हादसा तब हुआ जब आबान पांच अन्य लोगों के साथ एक गाड़ी से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था. हादसे में आबान के साथ उसके एक दोस्त सोनू की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
आबान अपने दोस्तों के साथ क्रेटा कार से झांसी-कानपुर हाईवे पर जा रहा था. बताया जा रहा है कि रास्ते में अचानक गाड़ी के सामने एक जानवर आ गया. जानवर को बचाने के चक्कर में कार का बैलेंस बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया.
हादसे में दो मौत, तीन घायल
इस भीषण दुर्घटना के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे. हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान और उसके एक दोस्त सोनू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, कार में सवार मोहम्मद ज़ैद, मोहम्मद उमर और फारुख गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई के लिए झांसी के मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है.
घायल दोस्त ने बताई आंखों देखी
हादसे में घायल हुए मोहम्मद उमर ने घटना की आंखों देखी बताई है. उमर ने कहा कि वे सभी लोग कार से झांसी जेल में बंद अली भाई से मुलाकात करने जा रहे थे. तभी अचानक गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई. उमर ने बताया कि टक्कर के बाद वह बेहोश हो गया था और जब उसकी आंख खुली तो वह सड़क पर पड़ा हुआ था.
झांसी जेल में बंद है भाई
अतीक अहमद का बेटा अली अहमद लंबे समय से जेल में बंद है. 1 अक्टूबर 2025 को ही उसे प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था. अपने इसी भाई से मिलने के लिए आबान दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन रास्ते में ही इस दर्दनाक हादसे ने उसकी जान ले ली.
ADVERTISEMENT










