यूपी चुनाव 2027: पश्चिमी यूपी की 71 सीटों पर बीजेपी की नजर, रणनीति तैयार करने मेरठ-सहारनपुर पहुंचे पार्टी चीफ नितिन नवीन

यूपी तक

• 10:48 AM • 22 Sep 2026

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मेरठ और सहारनपुर का दौरा कर 2027 चुनाव की तैयारियां तेज कीं. सीएम योगी संग 71 सीटों की नब्ज टटोलने की बनाई खास रणनीति.

Google CTA

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की तैयारियों को तेज कर दिया है. अपने दो दिवसीय दौरे के तहत वे मेरठ और सहारनपुर पहुंचे हैं, जहां वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संगठन के शीर्ष नेताओं के साथ मैराथन बैठकों का दौर चला रहे हैं. पश्चिमी यूपी में अपनी सियासी पकड़ को और मजबूत करने के लिहाज से भाजपा का यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है.

यह भी देखें...

शक्ति केंद्र संयोजकों संग मंथन, 71 सीटों की नब्ज टटोलने की कवायद

दौरे के दौरान मेरठ में आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने चुनावी रोडमैप की रूपरेखा सामने रखी. इस दौरान पार्टी नेताओं ने युवाओं के साथ-साथ भाजपा के कैडर और पारंपरिक मतदाताओं को साधे रखने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की. उल्लेखनीय है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 71 विधानसभा सीटों पर जीत का समीकरण तय करने के लिए भाजपा संगठन जमीनी स्तर पर फीडबैक ले रहा है.

सुभारती यूनिवर्सिटी में युवाओं से सीधा संवाद

चुनावी समर में युवा शक्ति की भूमिका को अहम मानते हुए नितिन नवीन ने मेरठ की सुभारती यूनिवर्सिटी में एक विशेष संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया. यहां उन्होंने सीधे छात्रों से बातचीत की और उनकी आकांक्षाओं को समझा. इसके साथ ही उन्होंने पश्चिम क्षेत्र के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अलग से बैठक कर चुनावी प्राथमिकताओं और भावी अभियानों पर दिशा-निर्देश साझा किए.

सरकारी योजनाओं और महिला सशक्तिकरण का प्रचार

कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के बीच प्रमुखता से रखा, जिससे समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. इसके अलावा, उन्होंने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताया.

विपक्ष पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए ठोस कदम उठाए हैं. उन्होंने शौचालय निर्माण (इज्जत घर) और 'लखपति दीदी' जैसी योजनाओं को जमीनी स्तर पर मिली सफलता का प्रमुख उदाहरण बताया.

पश्चिमी यूपी के इस सियासी क्षेत्र में राजनीतिक दलों की हलचलें बढ़ गई हैं. ऐसे में नितिन नवीन का यह दो दिवसीय दौरा और बैठकों का दौर भाजपा की चुनावी रणनीति को किस हद तक गति देता है, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा.