Brij Bhushan Sharan Singh Welcome: यौन शोषण मामले में कोर्ट से बरी होने के बाद पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहली बार अयोध्या पहुंचे हैं. उनके अयोध्या पहुंचने पर समर्थकों ने उनका भव्य और जोरदार स्वागत किया है. उनके समर्थकों में इतना ज्यादा उत्साह था कि उन्होंने इस मौके को दिवाली के जश्न जैसा बताया है. इस दौरान सड़कों पर युवा समर्थकों की भारी भीड़ अपने नेता के स्वागत के लिए उमड़ी.
ADVERTISEMENT
जेसीबी और सैकड़ों गाड़ियों का काफिला
बृजभूषण सिंह के स्वागत के लिए लगभग 300 गाड़ियों का एक लंबा काफिला निकाला गया. समर्थकों ने अपने नेता का स्वागत करने के लिए जेसीबी (बुलडोजर) लगा रखे थे और बड़ी-बड़ी मालाएं भी तैयार रखी थीं. लोग घंटों से सड़क पर खड़े होकर उनके आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे.
समर्थकों ने कहा- सत्य की जीत
इस दौरान बड़ी संख्या में युवा उनके समर्थन में उतरे. वहां मौजूद समर्थकों ने कहा कि भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं और आज सत्य की जीत हुई है. समर्थकों का कहना था कि नेता जी के केस से पूरी तरह बरी होने की खुशी में यह ऐतिहासिक स्वागत किया जा रहा है.
आतिशबाजी से हुआ नेता का स्वागत
खुशी से झूम रहे समर्थकों ने जगह-जगह जमकर पटाखे फोड़े और आतिशबाजी की. लोगों ने सड़क पर पटाखों की चटाई बिछाकर भी उनका स्वागत किया. समर्थकों का कहना है कि बृजभूषण सिंह के प्रति युवाओं का एक अलग ही लगाव है. इसीलिए उनके पहली बार अयोध्या आने पर इतना बड़ा और जोरदार जश्न मनाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT










