Umashankar Singh Death: बलिया की रसड़ा सीट से लगातार तीन बार के विधायक और उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी के इकलौते चेहरे उमाशंकर सिंह का 5 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया है. वह काफी समय से बीमार थे. उनके जाने के बाद पूर्वांचल से लेकर पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है. इस दुखद खबर से उनके करीबियों का रो-रोकर बुरा हाल है. हमेशा साए की तरह उनके साथ रहने वाले पीए रंजीत सिंह पिंकी तो कैमरे के सामने फूट-फूटकर रो पड़े.
ADVERTISEMENT
अचानक बिगड़ गई थी तबीयत
पीए रंजीत ने बताया कि विधायक जी बीमारी से लड़ रहे थे और बीच में बिल्कुल ठीक हो गए थे. लेकिन अचानक ही उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई. वह पहले से अस्पताल में भर्ती नहीं थे. तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. इसके बाद रात को 8 बजे के बाद उन्हें यह दुखद सूचना मिली कि 'भैया' अब इस दुनिया में नहीं रहे.
2022 में बसपा के इकलौते विधायक
उमाशंकर सिंह पूर्वांचल की राजनीति के बहुत बड़े और मजबूत चेहरे माने जाते थे. साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जब बसपा का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था, तब सिर्फ उमाशंकर सिंह ही ऐसे प्रत्याशी थे जिन्होंने पार्टी के टिकट पर जीत दर्ज की थी. वह लगातार तीन बार से रसड़ा सीट से जीत रहे थे और अपनी मजबूत पकड़ और जनता की सेवा के लिए काफी मशहूर थे.
लखनऊ और बलिया में जुटी भीड़
बसपा के इस कद्दावर नेता के निधन की खबर फैलते ही उनसे जुड़े सभी लोगों की आंखें नम हो गई हैं. उनके अंतिम दर्शन और परिवार को सांत्वना देने के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है. आज उनके लखनऊ स्थित आवास पर लोगों का तांता लगा हुआ है. वहीं, बलिया में भी उनके घर पर लोग अपने लोकप्रिय नेता का इंतजार कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT










