उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की भर्तियों में, चयनित अभ्यर्थी खाली रह जाने वाले पदों को भरने के लिए वेटिंग लिस्ट जारी करने की पुरजोर मांग कर रहे हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले 3-4 वर्षों में दरोगा, ग्राम पंचायत अधिकारी आदि विभिन्न परीक्षाओं के परिणाम एक साथ घोषित हुए हैं. ऐसे में कई चुनिंदा अभ्यर्थियों का चयन एक से अधिक परीक्षाओं में हो जाता है, लेकिन वे केवल एक ही पद पर जॉइनिंग कर पाते हैं. इसके कारण अन्य पद रिक्त रह जाते हैं और बाकी युवाओं को अवसर नहीं मिल पाता. इसी समस्या को लेकर अभ्यर्थी लखनऊ के इको गार्डन में बड़ी संख्या में इकट्ठा हुए और धरना-प्रदर्शन किया.
ADVERTISEMENT
अभ्यर्थी पिछले 6 महीने से लगातार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत करा रहे हैं और अब प्रदर्शन के माध्यम से अपनी मांग को अंतिम रूप देना चाहते हैं. हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र बांटे गए, जिस पर अभ्यर्थियों ने खुशी तो जताई, लेकिन साथ ही रिक्त रह जाने वाले पदों को लेकर चिंता भी व्यक्त की. अभ्यर्थियों का साफ तौर पर कहना है कि वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था लागू होने से खाली पदों को भरा जा सकेगा और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को नौकरी का मौका मिल सकेगा. वे चाहते हैं कि आने वाली अगली वैकेंसी में वेटिंग लिस्ट अनिवार्य रूप से लागू की जाए.
भर्ती प्रक्रियाओं में सुधार और वेटिंग लिस्ट की व्यवस्था लागू होने से प्रदेश के युवाओं को बेहतर रोजगार मिलने की उम्मीद है. अभ्यर्थियों का मानना है कि यह कदम उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा और उनके भविष्य को संवारने में मदद करेगा. सरकार और आयोग से बार-बार गुहार लगा रहे युवाओं का स्पष्ट कहना है कि हर रिक्त पद पर पात्र उम्मीदवार को रोजगार मिलना चाहिए ताकि कोई भी पद बेकार न जाए.
ADVERTISEMENT










