बाराबंकी में 55 साल की महिला के ऊपर गिरा विशाल पेड़, तड़प-तड़प कर चली गई जान!

यूपी तक

• 11:45 AM • 28 Sep 2026

Barabanki News: बाराबंकी में तेज आंधी-बारिश के दौरान खेत में काम कर रही 55 वर्षीय महिला की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई. महिला का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद हुआ. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.

Google CTA

Barabanki News: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश और तूफान ने तबाही मचा रखी है. बाराबंकी में मौसम का ऐसा कहर बरपा कि एक परिवार की खुशियां पल भर में छिन गईं. यहां खेत देखने गई 55 साल की महिला चौरासा देवी की विशाल पेड़ के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई. हैरान करने वाली बात यह है कि महिला का शव 18 घंटे तक पेड़ के नीचे दबा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी देखें...

पेड़ गिरने से महिला की मौत

जानकारी के मुताबिक, 26 सितंबर की दोपहर 55 साल की चौरासा देवी रोज की तरह अपने खेत की ओर गई थीं. वह खेत में अपनी फसल देख ही रही थीं कि अचानक मौसम काफी ज्यादा बिगड़ गया. तेज आंधी-तूफान के बीच जोरदार बारिश शुरू हो गई. यह तूफान इतना भयंकर था कि खेत के किनारे लगा एक विशाल अर्जुन का पेड़ जड़ से उखड़ गया और सीधे महिला के ऊपर जा गिरा. इस भारी पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही जान चली गई.

काफी खोजबीन के बाद मिला शव

हादसे के बाद चौरासा देवी का शव करीब 18 घंटे तक उसी पेड़ के नीचे दबा रहा, लेकिन घर वालों को इसकी कोई खबर नहीं लगी. जब काफी देर बीत जाने के बाद भी वह घर वापस नहीं लौटीं, तो परेशान परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. काफी ढूंढने के बाद आखिरकार उनका शव खेत में पेड़ के नीचे मिला. सूचना मिलते ही गांव वालों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई. लोगों ने कड़ी मशक्कत करके उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें हमेशा के लिए रुक चुकी थीं.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने पर आलियाबाद चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी जिला मुख्यालय भेज दिया. चौकी प्रभारी ने बताया कि यह हादसा एक प्राकृतिक आपदा है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता राशि (मुआवजा) दिलाने के लिए राजस्व विभाग को भी मामले की सूचना दे दी गई है.