120 की स्पीड, फटा टायर और... BJP विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की कार का हुआ भयानक एक्सीडेंट

यूपी तक

• 05:17 PM • 27 Sep 2026

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है. डिबाई विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की तेज रफ्तार कार का भयानक एक्सीडेंट हो गया है.

Google CTA

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे का वीडियो सामने आया है. डिबाई विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की तेज रफ्तार कार का भयानक एक्सीडेंट हो गया है. इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और विधायक समेत उनका गनर और ड्राइवर घायल हो गए. गनीमत रही कि इस जानलेवा हादसे में सभी की जान बच गई है. इस डरावनी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी देखें...

टायर फटने से बेकाबू हुई कार

यह दुर्घटना बीते शनिवार की है जब बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी अपनी फॉर्च्यूनर कार से बुलंदशहर से गाजियाबाद की तरफ जा रहे थे. जब उनकी गाड़ी बीबी नगर थाना क्षेत्र के कोटा कबूलपुर गांव के पास पहुंची, तो बारिश के दौरान अचानक गाड़ी का टायर फट गया. उस समय गाड़ी की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी. टायर फटने से बेकाबू हुई कार काफी दूर तक हाईवे पर घिसटती हुई चली गई.

बिजली के खंभे से टकराई कार

हाईवे पर फिसलते हुए कार किनारे की कच्ची सड़क पर आ गई और फिर नाली से रगड़ते हुए एक बिजली के खंभे से बहुत जोर से टकराई. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के पूरी तरह से परखच्चे उड़ गए. हालांकि, इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी विधायक खुद गाड़ी से बाहर निकले और पुलिस कंट्रोल रूम को इस हादसे की सूचना दी. घटना का वीडियो देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं.

दिल्ली एम्स में चल रहा इलाज

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने विधायक, उनके गनर और ड्राइवर को सबसे पहले हापुड़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. इसके बाद बेहतर इलाज और जांच के लिए उन्हें दिल्ली के एम्स (AIIMS) रेफर कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, विधायक की छाती की पसलियों में कुछ चोटें आई हैं, लेकिन ड्राइवर और गनर समेत सभी घायलों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं.