Premanand Maharaj Disciple Death: वृंदावन के प्रसिद्ध राधा केली कुंज आश्रम से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि साधक की मौत चौथी मंजिल से गिरने के कारण हुई है. लेकिन मौत से पहले उनके शरीर पर लगी चोटों ने इस घटना पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मामले में मृतक के परिजनों के बयानों ने और भी बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है. पुलिस अब इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT
हादसे के बाद अस्पताल में हुई मौत
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे साधक रसिक दुलारी शरण आश्रम की चौथी मंजिल से नीचे गिर गए. इस हादसे के बाद उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं. आश्रम से जुड़े लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी दीपक लोधी के रूप में हुई है. वह करीब दो साल से वृंदावन में रह रहे थे और उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली थी. मौत की खबर सुनकर उनके परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत वृंदावन पहुंचे.
परिजनों ने आश्रम पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आश्रम पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. दीपक के जीजा सोनू पटेल ने बताया कि जब से दीपक ने गुरु दीक्षा ली थी, तब से आश्रम वाले उन्हें दीपक से मिलने नहीं देते थे. जब भी वे मिलने जाते, तो उन्हें घंटों इंतजार करवाया जाता और फिर बिना मिले ही वापस भेज दिया जाता था. दीपक का मोबाइल भी बंद करवा दिया गया था, जिससे उनकी कोई बात नहीं हो पाती थी. परिजनों का यह भी कहना है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद जब वे रात 3 बजे आश्रम पहुंचे, तो उन्हें सुबह 8 बजे तक बाहर बैठाए रखा गया और आश्रम की तरफ से किसी ने उन्हें कुछ नहीं बताया. यहां तक कि दीपक के अंतिम समय में आश्रम से कोई भी व्यक्ति उनके पास नहीं आया.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस पूरे मामले में एक संत रंगीली दास ने बताया कि दीपक शुरुआत में उनके पास भी आता था, लेकिन बाद में वह आश्रम में ही रहने लगा था. पुलिस ने इस मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 25 सितंबर की सुबह अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घायल अवस्था में आया है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में चौथी मंजिल से कूदने की बात सामने आ रही है. फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से साफ हो पाएगी कि यह एक हादसा था या इसके पीछे कोई और कहानी है.
ADVERTISEMENT










