Sultanpur Crime News: प्रदेश के सुल्तानपुर में महिला सुरक्षा और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है. सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट के पास एक बी-फार्मा की छात्रा को बीच सड़क पर कार से कुचलने की कोशिश की गई. इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक लाल रंग की कार छात्रा को टक्कर मारते हुए नजर आ रही है. परिजनों का आरोप है कि कार सवार युवक पिछले कई महीनों से छात्रा का पीछा कर उसे परेशान कर रहा था. छेड़छाड़ से तंग आकर जब छात्रा ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर कार चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
महीनों से छात्रा का पीछा कर रहा था आरोपी
घटना में घायल हुई छात्रा फरीदीपुर में बी-फार्मा थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही है. छात्रा के भाई ने बताया कि आरोपी का नाम अजीत सिंह है, जो नारायणपुर का रहने वाला है. वह छात्रा के साथ पढ़ता नहीं है, बल्कि उसने उसे एक बार कॉलेज में देखा था और तब से ही वह लगातार उसका पीछा कर रहा है. परिजनों का आरोप है कि अजीत पिछले तीन-चार महीनों से कॉलेज से लेकर घर तक छात्रा को परेशान और टॉर्चर कर रहा था. छात्रा ने परिवार को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने पुलिस में इसकी कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी.
कार से कुचलकर आरोपी हुआ फरार
यह पूरी खौफनाक वारदात कलेक्ट्रेट के पास 23 सितंबर को हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छात्रा बस अड्डे से ही कार का पीछा करते हुए चिल्ला रही थी कि गाड़ी को पकड़ो. कलेक्ट्रेट के पास आकर छात्रा अपनी स्कूटी से उतरी और कार के सामने खड़ी हो गई, ताकि आरोपी भाग न सके. लेकिन आरोपी ने गाड़ी पीछे ली और छात्रा पर कार चढ़ा दी. चश्मदीदों का कहना है कि आरोपी ने जानबूझकर छात्रा को टक्कर मारी और उसे कुचलने की कोशिश की. हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई और आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई 20 वर्षीय छात्रा को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. घटना को लेकर सुल्तानपुर पुलिस का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि तिकोनिया पार्क के पास एक युवती को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी है. परिजनों की तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आरोपी अजीत सिंह तथा उसकी कार की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
ADVERTISEMENT










