Amroha Gang Rape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. हसनपुर कोतवाली इलाके में एक 23 साल की लड़की ने चार लोगों पर फार्म हाउस में बंधक बनाकर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि जिन चार लोगों पर ये गंभीर आरोप लगे हैं, उनमें दो सीआरपीएफ (CRPF) के जवान हैं, जबकि एक यूपी पुलिस का दरोगा और दूसरा हेड कांस्टेबल है. मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तुरंत केस दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
ADVERTISEMENT
सीआरपीएफ और यूपी पुलिस के जवान आरोपी
पीड़िता की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने जिन चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, उनके नाम सीआरपीएफ के निरीक्षक लालाराम यादव, सीआरपीएफ जवान मोहित उर्फ विक्की, यूपी पुलिस के उपनिरीक्षक (दरोगा) संजय तोमर और मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) प्रमोद हैं. पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22-23 सितंबर की रात की है. शुरुआती जांच में पता चला है कि पीड़िता पहले से ही सीआरपीएफ के दोनों आरोपियों मोहित और लालाराम को जानती थी और उन्हीं के साथ अमरोहा आई थी.
फार्म हाउस में दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, 22 सितंबर को लड़की मोहित और लालाराम के साथ हसनपुर पहुंची थी. बताया जा रहा है कि दोनों सीआरपीएफ जवान अपने परिचित यूपी पुलिस के दरोगा संजय तोमर से मिलने आए थे, जिसकी तैनाती हसनपुर में ही थी. इसके बाद सभी लोग झुलपुरी इलाके में स्थित एक फार्म हाउस में पहुंचे. वहां रुकने के लिए दो कमरे किराए पर लिए गए थे. पीड़िता का आरोप है कि उसे धार्मिक स्थल पर ले जाने के बहाने वहां बुलाया गया था, लेकिन फार्म हाउस में उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए गए.
चारों आरोपी गिरफ्तार, विभागीय कार्रवाई शुरू
पुलिस को इस घटना की सूचना 22-23 सितंबर की रात को मिली थी. अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सबसे पहले महिला को सुरक्षित बाहर निकाला. पुलिस ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने बताया कि यूपी पुलिस में तैनात दोनों आरोपियों को सस्पेंड कर उनकी बर्खास्तगी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं, सीआरपीएफ में तैनात जवानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा जा रहा है. चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










