Greater Noida Sleeper Bus Fire: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण बस हादसे ने कई लोगों की जिंदगी हमेशा के लिए तबाह कर दी. 24 सितंबर की रात जेवर थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर दूर एक स्लीपर बस में अचानक आग लग गई. इस भयानक हादसे में अब तक नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है. यह बस नोएडा से यात्रियों को लेकर जा रही थी और इसमें लगभग 40 से 50 लोग सवार थे. अचानक लगी इस आग से बस में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई. हादसे में अपनी जान बचाने वाले यात्रियों ने अब उस खौफनाक मंजर की दिल दहला देने वाली कहानी बयां की है.
ADVERTISEMENT
धुएं और भगदड़ में फंसे लोग
बस में सवार एक महिला यात्री ने बताया कि वह गहरी नींद में सो रही थीं, तभी किसी ने उनका गेट खटखटाया. जब वह बाहर निकलीं, तो बस में पहले से ही भारी भीड़ और अफरातफरी मची हुई थी. महिला ने कहा, 'मैं अपना सामान या जूते भी नहीं पहन पाई, बस धक्का-मुक्की के बीच किसी तरह बाहर निकल आई. चारों तरफ धुआं ही धुआं था और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था.' एक अन्य यात्री ने बताया कि बस में पीछे की तरफ उनकी सीट थी और आगे की तरफ आग लगी थी. उन्होंने कहा कि स्थिति इतनी भयानक थी कि लोग दम घुटने से परेशान थे और धक्का-मुक्की करके बाहर निकल रहे थे.
ड्राइवर पर लापरवाही के आरोप
इस दर्दनाक हादसे के बाद बस के मालिक, ड्राइवर और परिचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. हादसे में बचे यात्री सुनील कुमार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक, बस में जलने की बदबू पहले से आ रही थी. यात्रियों ने ड्राइवर से बस रोकने को कहा, लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया. यह भी आरोप है कि ड्राइवर और परिचालक के केबिन से बीड़ी-सिगरेट की बदबू भी आ रही थी. हालांकि, आग लगने की असली वजह अभी तक पूरी तरह से साफ नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि आग इंजन से शुरू हुई थी.
पुलिस ने ड्राइवर-परिचालक को किया गिरफ्तार
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, रेस्क्यू टीम और फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों के मुताबिक, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और करीब 20 से 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. लेकिन, बस के अंदर जाने पर नौ लोग बुरी तरह जली हुई हालत में मृत पाए गए, जिनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है. पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए बस के ड्राइवर और परिचालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT










