लखनऊ में एक युवक ने हेड कांस्टेबल को लाठी से मारा, गालियां दी और..., पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

यूपी तक

28 Sep 2026 (अपडेटेड: 28 Sep 2026, 12:40 PM)

Lucknow News: लखनऊ के चिनहट इलाके में ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल पर युवक ने डंडे से हमला कर दिया और करीब 50 मीटर तक दौड़ाया. घटना का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Google CTA

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से पुलिस पर हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. चिनहट थाना क्षेत्र के हरदासी खेड़ा गांव में ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल पर एक सिरफिरे युवक ने अचानक डंडे से हमला कर दिया. आरोपी ने सिपाही को भद्दी गालियां दीं और उसे करीब 50 मीटर तक दौड़ाया. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

सिपाही को 50 मीटर तक दौड़ाया

घटना के वक्त हेड कांस्टेबल अजय कुमार अपनी कुर्सी पर बैठकर अकेले इलाके की रखवाली कर रहे थे. अचानक गांव का रहने वाला रोहित तिवारी उर्फ राहुल तिवारी हाथ में एक मोटा डंडा लेकर वहां पहुंच गया. उसने सिपाही को गालियां देना शुरू कर दिया और सीधे डंडे से वार करने की कोशिश की. सिपाही अजय कुमार ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए पहला वार खाली कर दिया. इसके बाद बेखौफ आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें करीब 50 मीटर तक दौड़ाया. सिपाही ने सुरक्षित दूरी बनाकर अपने साथी सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार को फोन पर जानकारी दी, लेकिन उनके लौटने तक आरोपी फरार हो गया.

पुरानी रंजिश के कारण लगी ड्यूटी

दरअसल, इसी हरदासी खेड़ा गांव में 23 सितंबर को उदय प्रताप मिश्रा और सचिन तिवारी गुट के बीच पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था. इसी तनाव को देखते हुए इलाके में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी. यहां सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार और हेड कांस्टेबल अजय कुमार को तैनात किया गया था. घटना वाले दिन शाम के वक्त एसआई संजीव कुमार किसी काम से पिकेट पॉइंट से कुछ दूर गए हुए थे, तभी अकेले सिपाही को देखकर आरोपी ने यह हमला कर दिया.

वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन

सिपाही को डंडा लेकर दौड़ाने का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया. डीसीपी ईस्ट के सख्त निर्देशों के बाद चिनहट थाने में हेड कांस्टेबल की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. चिनहट थाने के इंस्पेक्टर दिनेश मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित तिवारी को हिरासत में ले लिया है. पुलिस आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.