Gorakhpur News: गोरखपुर में भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में हुए जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोग परेशान हैं. इसी बीच, बीजेपी सांसद रवि किशन और बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस बातचीत में पार्षद द्वारा जलभराव की समस्या बताने पर सांसद उन पर सपा ज्वाइन करने का तंज कसते सुनाई देते हैं. इस घटना के बाद विपक्ष लगातार सांसद रवि किशन को घेर रहा है, तो वहीं पार्षद ने भी कैमरे के सामने आकर अपनी नाराजगी जाहिर की है.
ADVERTISEMENT
जलभराव की शिकायत पर भड़के सांसद
पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने बताया कि शहर में भारी बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया था, जिससे लोगों और व्यापारियों का लाखों का नुकसान हुआ. जनता सड़कों पर उतर कर जनप्रतिनिधियों से सवाल कर रही थी. जब उन्होंने सांसद रवि किशन से रामगढ़ ताल और तरकुलानी के रेगुलेटर के बारे में पूछा कि वे चल रहे हैं या नहीं, तो इस सवाल पर सांसद तिलमिला गए. पार्षद का आरोप है कि सांसद ने उनकी बात का सीधा जवाब देने के बजाय पूछा कि 'का हो सपा ज्वाइन कर लेला?' पार्षद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता पीड़ित है और सांसद दल की राजनीति कर रहे हैं.
वायरल वीडियो के बाद पानी में उतरे रवि किशन
पार्षद का दावा है कि जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मीडिया ने सवाल पूछना शुरू किया, तब जाकर सांसद रवि किशन घर से बाहर निकले. वे रात को अधिकारियों के साथ जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे. पार्षद ने तंज कसते हुए कहा कि सांसद जी को दल पूछने के बजाय जनता के बीच जाकर उनके नुकसान का आकलन करना चाहिए था. विपत्ति के समय जनता दल नहीं देखती, इसलिए सांसद को भी दल की राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए.
सांसद ने प्रशासन को बताया मुस्तैद
इस वायरल वीडियो को लेकर सांसद रवि किशन ने बात करने से इनकार कर दिया, लेकिन जलभराव का जायजा लेने के बाद उन्होंने अपनी बात रखी. सांसद ने जलभराव के लिए भारी बारिश को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पिछले 15-19 सालों में किसी ने ऐसी बारिश नहीं देखी. उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद हर आधे घंटे में अपडेट ले रहे हैं. सांसद ने लोगों से अपील की कि वे बेवजह घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें. उन्होंने इस मुद्दे पर हो रही राजनीति को दरकिनार करते हुए शहर को संभालना अपनी प्राथमिकता बताया.
ADVERTISEMENT










