UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है और सभी की नजरें पूर्वांचल पर टिकी हैं. कहा जाता है कि यूपी में सत्ता का रास्ता पूर्वांचल से होकर ही गुजरता है. जिसने पूर्वांचल को फतह कर लिया, वह आसानी से सरकार बना लेता है. ऐसे में न्यूज़ लीडर और मैटराइज के सर्वे ने कई अहम खुलासे किए हैं. इस सर्वे में यह अनुमान लगाया गया है कि पूर्वांचल में किस पार्टी का पलड़ा भारी है और कौन से बड़े नेताओं की साख दांव पर लगी है. आइए विस्तार से जानते हैं कि पूर्वांचल में बीजेपी, समाजवादी पार्टी, बसपा और अन्य दलों को कितनी सीटें मिलने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT
पूर्वांचल में कुल सीटों का गणित
न्यूज़ लीडर और मैटराइज के सर्वे के मुताबिक, पूर्वांचल की कुल 130 विधानसभा सीटों में से बीजेपी और उसके सहयोगियों (एनडीए) को 80 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं, समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगियों को 47 सीटें मिल सकती हैं.
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के लिए यह सर्वे एक अच्छी खबर लेकर आया है, क्योंकि उसे पूर्वांचल में एक सीट (रसड़ा) मिलने की संभावना जताई गई है. इसके अलावा, अन्य के खाते में दो सीटें (राजा भैया की कुंडा और बाबागंज सीट) जाने का अनुमान है.
इन जिलों में बीजेपी कर सकती है क्लीन स्वीप
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि कुछ जिलों में बीजेपी पूरी तरह से हावी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर की नौ की नौ सीटें बीजेपी और उसके सहयोगियों के खाते में जाने का अनुमान है. इसी तरह, प्रधानमंत्री के क्षेत्र वाराणसी की आठों सीटों पर बीजेपी क्लीन स्वीप कर सकती है. देवरिया की सात, कुशीनगर की सात, मिर्जापुर की पांच और सिद्धार्थनगर की पांच सीटों पर भी बीजेपी और उसके सहयोगियों की जीत पक्की मानी जा रही है. इन जिलों में समाजवादी पार्टी का खाता भी नहीं खुलता दिख रहा है.
सपा के गढ़ में बीजेपी को कड़ी चुनौती
हालांकि, कुछ जिलों में समाजवादी पार्टी, बीजेपी को कड़ी टक्कर दे रही है. सर्वे के मुताबिक, सपा अपने मजबूत गढ़ आजमगढ़ में क्लीन स्वीप कर सकती है. यहां की 10 की 10 सीटों पर सपा और उसके सहयोगी जीत दर्ज कर सकते हैं.
इसके अलावा मऊ में भी सपा और उसके सहयोगी सभी चार सीटें जीत सकते हैं. जौनपुर और गाजीपुर में भी बीजेपी के लिए मुश्किलें हैं. जौनपुर की नौ सीटों में से आठ सपा को और एक बीजेपी को मिल सकती है.
वहीं, गाजीपुर में छह सीटें सपा को और एक बीजेपी के खाते में जा सकती है. इसके विपरीत, प्रयागराज की 12 सीटों में से 11 सीटें बीजेपी को और एक सीट सपा को मिलने का अनुमान है. इस सर्वे में यह भी बताया गया है कि ओम प्रकाश राजभर अपनी सीट (जहूराबाद) से हार सकते हैं.
ADVERTISEMENT










