गोरखपुर में पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने सासंद रवि किशन को सुना दी खरी-खरी, बोले- 'बसपा जॉइन कर ली क्या?'

यूपी तक

• 11:29 AM • 27 Sep 2026

Gorakhpur News: गोरखपुर में भारी बारिश के बाद जलभराव की शिकायत को लेकर बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच फोन पर तीखी नोकझोंक हो गई. बातचीत में सपा और बसपा का जिक्र होने के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

Google CTA

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार को हुई भारी बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया. शहर के कई इलाकों और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई. इसी बीच, शहर की खस्ताहाल स्थिति को लेकर एक बीजेपी पार्षद और गोरखपुर के बीजेपी सांसद रवि किशन के बीच हुई फोन पर बातचीत का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस बातचीत में पार्षद ने सांसद को जलभराव की समस्या बताई, तो सांसद ने उनसे पूछ लिया कि "क्या सपा ज्वाइन कर ली है?" इसके बाद पार्षद ने भी पलटवार करते हुए सांसद से पूछा कि "क्या आपने बसपा ज्वाइन कर ली है?" इस वायरल वीडियो के बाद विपक्ष ने बीजेपी और रवि किशन पर तीखा हमला बोला है.

यह भी देखें...

पार्षद और सांसद में हुई नोकझोंक  

वायरल वीडियो बेतियाहाता वार्ड के बीजेपी पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी और सांसद रवि किशन के बीच हुई फोन कॉल का बताया जा रहा है. पार्षद ने जब सांसद को इलाके में जलभराव और जल निकासी की समस्या बताई, तो रवि किशन ने सवाल दागा, "सपा वाली बात कर रहे हो? सपा ज्वाइन कर लिए क्या?" इस पर भड़के पार्षद ने जवाब दिया, "पानी अगर भर जाए तो सपा ज्वाइन कर लिया? आप क्या ज्वाइन कर लिए सांसद जी? आप बसपा ज्वाइन कर लिए क्या?" पार्षद ने यह भी कहा कि 14 साल बाद ऐसी-ऐसी जगहों पर पानी भरने लगा है, जहां कभी पानी नहीं भरता था. इसके बाद पार्षद का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें वह रामगढ़ ताल इलाके से कहते हैं कि सांसद जी का फोन नहीं उठ रहा है, वे आम आदमी ही नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों से भी झूठ बोलते हैं.

विपक्ष ने वीडियो पर किया हमला

इस वीडियो के वायरल होते ही विपक्ष ने बीजेपी और रवि किशन पर निशाना साध दिया. कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "अपनी ही पार्टी के पार्षद की शिकायत पर सांसद जी भड़क गए. जो लोग अपने ही पार्षद की नहीं सुन रहे, वे आम जनता को क्या समझते होंगे? यह बीजेपी की घटिया मानसिकता है." वहीं, सपा नेत्री काजल निषाद ने भी तंज कसते हुए कहा, "जनता को अंधा कहने वाले रवि किशन चुनाव में बड़े वादे करते हैं, लेकिन मुसीबत आने पर अपनी टेरेस पर बैठकर स्पेन की बारिश और चाय-पकौड़ी का आनंद ले रहे होंगे."

विवाद के बाद पानी में उतरे सांसद

इस पूरे विवाद और आलोचना के बाद सांसद रवि किशन खुद जलभराव वाले इलाकों का जायजा लेने निकले. उनके साथ मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन भी मौजूद थे. सांसद और मेयर ने पानी में उतरकर अधिकारियों को जल निकासी दुरुस्त करने, पंप लगाने और निचले इलाकों में निगरानी के निर्देश दिए. बाद में रवि किशन ने सफाई देते हुए कहा कि पिछले 15-19 सालों में ऐसी बारिश नहीं देखी गई. प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद हर आधे घंटे में अपडेट ले रहे हैं. उन्होंने जनता से अपील की कि वे बेवजह घर से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें. उन्होंने इस मुद्दे पर हो रही राजनीति को दरकिनार करते हुए कहा कि उनके लिए राजनीति से ज्यादा शहर को संभालना महत्वपूर्ण है.