सपा के दिग्गज नेता रामगोविंद चौधरी का निधन, आखिरी सांस लेने से पहले अखिलेश यादव के लिए मांगी थी ये मन्नत!

यूपी तक

• 12:59 PM • 26 Sep 2026

Ram Govind Chaudhary Death: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में शुक्रवार रात निधन हो गया. उनके निधन की खबर के बीच सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अस्पताल के बिस्तर से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपनी आखिरी ख्वाहिश जाहिर कर रहे हैं.

Google CTA

Ram Govind Chaudhary Death: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता, बागी बलिया के पूर्व विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में शुक्रवार रात निधन हो गया. उनके निधन से समाजवादी पार्टी और उनके समर्थकों में गहरी शोक की लहर दौड़ गई है. वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे. रामगोविंद चौधरी को समाजवाद का एक ऐसा पुरोधा माना जाता था, जिन्होंने अपना पूरा जीवन पिछड़ों और शोषितों की लड़ाई लड़ने में लगा दिया. उनके निधन की खबर के बीच सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अस्पताल के बिस्तर से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने की अपनी आखिरी ख्वाहिश जाहिर कर रहे हैं.

यह भी देखें...

अस्पताल से वायरल हुआ ये वीडियो

रामगोविंद चौधरी के निधन के बाद जो वीडियो वायरल हो रहा है, वह दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है. उस समय वह मैक्स अस्पताल में भर्ती थे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे थे. वीडियो में रामगोविंद चौधरी डॉक्टरों और नर्सों के सामने ही पूरी ताकत से कहते हैं, 'चुनाव जीतना है, अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाना है और आप लोग मुझे मार रहे हो.' इस पर अखिलेश यादव भी उन्हें भरोसा देते हुए नजर आते हैं कि पार्टी को उनकी जरूरत है और वे उन्हें ठीक करके ही छोड़ेंगे. सपा समर्थक इस वीडियो को शेयर कर कह रहे हैं कि रामगोविंद चौधरी का शरीर भले ही बीमार था, लेकिन उनके रोम-रोम में सपा के लिए लड़ने का जोश भरा हुआ था.

अखिलेश यादव और सपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रामगोविंद चौधरी के निधन पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री राम गोविंद चौधरी जी का निधन अत्यंत दुखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुख सहने की शक्ति दें.' इसके अलावा प्रिंस यादव, प्रोफेसर डॉ. खलीफ खान और मनीष यादव रायबरेली जैसे कई सपा समर्थकों और नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. मनीष यादव ने बताया कि एक बार पार्टी कार्यालय में रामगोविंद चौधरी ने मजाक में कहा था कि जब तक वह अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री नहीं बना देंगे, तब तक मरेंगे नहीं.

छात्र राजनीति से शुरू हुआ 8 बार के विधायक का सफर

9 जुलाई 1946 को बलिया में जन्मे रामगोविंद चौधरी ने टीडी कॉलेज से पोस्ट ग्रेजुएशन और एलएलबी की पढ़ाई की थी. छात्र जीवन से ही वह समाजवादी विचारधारा से जुड़ गए थे. आपातकाल के दौरान उन्होंने संपूर्ण क्रांति आंदोलन में हिस्सा लिया और जेल भी गए. यहीं से उनके राजनीतिक सफर की मजबूत शुरुआत हुई. 1977 में वह पहली बार विधायक चुने गए और इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. वह करीब आठ बार विधायक बने, मंत्री पद संभाला और नेता प्रतिपक्ष भी रहे. हालांकि, 2022 का विधानसभा चुनाव वह हार गए थे, लेकिन समाजवाद के प्रति उनका समर्पण अंत तक कायम रहा.