Rampur Court Viral Video: उत्तर प्रदेश के रामपुर की कचहरी में एक ऐसा अजीब मामला सामने आया, जिसे देखकर वहां मौजूद वकील और आम लोग हैरान रह गए. कोर्ट परिसर में पेशी पर आए पति और पत्नी के बीच अचानक भारी विवाद हो गया. यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि बात सरेआम मारपीट तक पहुंच गई. गुस्से में आगबबूला पत्नी ने कचहरी परिसर में ही अपने पति की चप्पल से पिटाई कर दी. इस पूरी घटना का वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
पत्नी ने चप्पल से की कुटाई
रामपुर कचहरी में पति-पत्नी किसी मामले के सिलसिले में पेशी पर पहुंचे थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते महिला का गुस्सा इतना भड़क गया कि उसने अपनी चप्पल निकाल ली और पति को पीटना शुरू कर दिया. पति लगातार खुद को बचाने की कोशिश करता रहा और बीच-बीच में बचाव के लिए हाथ भी चलाता दिखा. महिला का तेवर इतना सख्त था कि वह अपने पति को बख्शने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं दिख रही थी.
दूसरी शादी के आरोप पर बवाल
जानकारी के मुताबिक, मारपीट की यह घटना महिला द्वारा पति पर लगाए गए आरोपों के कारण हुई. पत्नी ने अपने पति पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद यह पूरा हंगामा खड़ा हुआ. जब कोर्ट परिसर में यह कुटाई चल रही थी, तब वहां मौजूद लोग सिर्फ तमाशबीन बनकर सब कुछ देखते रहे. हालांकि, विवाद को बढ़ता देख मौके पर दो महिला सिपाही पहुंच गईं. उन्होंने काफी मशक्कत के बाद बीच-बचाव किया और पति को बचाया. इस मारपीट की वजह से कचहरी में कुछ देर के लिए अजीब माहौल बना रहा.
वायरल वीडियो पर पुलिस का एक्शन
कचहरी परिसर में हुई इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह पति-पत्नी के बीच के आपसी विवाद का मामला सामने आया है. इस घटना को लेकर थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और वीडियो के साथ-साथ अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है ताकि पूरी घटना की असल कहानी सामने आ सके.
ADVERTISEMENT










