Kanpur Murder Case: कानपुर के कल्याणपुर इलाके में 5 सितंबर 2026 को हुए दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में एक बड़ा और हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस की रिमांड में पूछताछ के दौरान विनीत विनोचा के बेटे सुब्रत ने हत्या की साजिश रचने और हत्या करवाने का अपना जुर्म कबूल कर लिया है. सुब्रत ने शुरुआत में हत्या का आरोप अपनी पत्नी शालू पर लगाया था और नौकर विशाल को भी यही करने को कहा था. लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो सुब्रत ने सच उगल दिया. उसने कहा कि उसे अपने पिता की मौत का कोई पछतावा नहीं है, हालांकि उसे इस बात का गिल्ट है कि पिता को चाकुओं से गोदकर मारा गया.
ADVERTISEMENT
पिता के चाल-चलन से था नाराज
पुलिस के सामने दिए गए अपने कबूलनामे में सुब्रत ने बताया कि उसने हत्या की साजिश करीब 4 महीने पहले ही रच ली थी. सुब्रत का आरोप है कि उसके पिता के कई औरतों के साथ संबंध थे और वह उन पर खूब पैसा खर्च करते थे. सुब्रत को डर था कि कहीं उसके पिता अपनी संपत्ति किसी और के नाम न कर दें. इसके अलावा, सुब्रत पर करीब 40 लाख रुपये का कर्ज था, जिसकी ईएमआई हर महीने 55-56 हजार रुपये जाती थी, जबकि उसके पिता उसे खर्च के लिए सिर्फ 40 हजार रुपये ही देते थे. इस आर्थिक तंगी से निपटने के लिए वह अक्सर अपनी दुकान से माल भी चोरी करवाता था.
नौकर विशाल को दिया था मर्डर का कॉन्ट्रैक्ट
सुब्रत ने बताया कि उसने अपने पिता की हत्या के लिए दुकान में काम करने वाले नौकर विशाल को तैयार किया था. उसने विशाल को लालच दिया था कि अगर वह इस काम को कर देगा, तो उसका सारा कर्ज चुका दिया जाएगा और उसे करीब डेढ़-दो लाख रुपये भी दिए जाएंगे. सुब्रत ने ही विशाल को घर की डुप्लीकेट चाबी दी थी और बताया था कि 5 सितंबर को घर में कोई नहीं होगा और सीसीटीवी कैमरे भी बंद रहेंगे. साजिश के तहत, विशाल अपने एक साथी राजकिशोर को लेकर आया और दोनों ने मिलकर विनीत विनोचा की हत्या कर दी.
पत्नी शालू को फंसाने की रची थी साजिश
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि सुब्रत ने विशाल से पहले ही कह दिया था कि अगर वह पकड़ा जाए, तो हत्या का सारा आरोप सुब्रत की पत्नी शालू पर डाल दे. सुब्रत का कहना है कि शालू को इस हत्या के बारे में कुछ भी नहीं पता था और उसकी इसमें कोई भूमिका नहीं है. उसने केवल पुलिस से बचने के लिए अपनी पत्नी का नाम लिया था. जब पुलिस ने शालू और सुब्रत को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की, तो शालू रो पड़ी और उसने हत्या से इनकार किया. पुलिस के मुताबिक, अब तक शालू के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं, इसलिए उसे क्लीन चिट देकर रिहा करने की तैयारी की जा रही है.
ADVERTISEMENT










