Chhotelal Verma Death: आगरा के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से चार बार भारतीय जनता पार्टी के विधायक रहे छोटेलाल वर्मा का 24 सितंबर 2026 को निधन हो गया. 73 वर्षीय छोटेलाल वर्मा पिछले दो दिनों से बुखार से पीड़ित थे और नोएडा के यथार्थ अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. जमीन से जुड़े और हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने वाले इस नेता के निधन से इलाके और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
ADVERTISEMENT
बुखार के बाद बिगड़ी तबीयत
विधायक छोटेलाल वर्मा को पिछले दो दिनों से बुखार ने जकड़ रखा था. शुरुआत में उन्हें आगरा के राजपुर चुंगी स्थित उपाध्याय अस्पताल में भर्ती करवाया गया था. जब उनकी हालत में कोई सुधार नहीं दिखा, तो परिवार वाले उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने लगे. लेकिन रास्ते में अचानक उनकी तबीयत और ज्यादा खराब हो गई. इसके बाद उन्हें तुरंत नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
सीएम योगी ने जताया गहरा दुख
छोटेलाल वर्मा के निधन पर बीजेपी नेताओं, कार्यकर्ताओं और विपक्ष के साथ-साथ आम जनता भी उन्हें याद कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट लिखकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं. सीएम योगी ने लिखा कि आगरा के फतेहाबाद से विधायक छोटेलाल वर्मा जी का निधन अत्यंत दुखद है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक में डूबे परिवार को यह अथाहा दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की.
चार बार चुने गए थे विधायक
छोटेलाल वर्मा फतेहाबाद की जनता के बीच एक बहुत ही लोकप्रिय और जाने-माने चेहरे थे. जनता ने उन पर हमेशा अपना भरोसा जताया और अपना प्रतिनिधि चुना. वह फतेहाबाद विधानसभा सीट से साल 1993, 2002, 2012 और हाल ही में 2022 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे. उनका एक लंबा राजनीतिक सफर रहा और आज उनके जाने से उन्हें चार बार चुनने वाली जनता गहरे शोक में डूबी हुई है.
ADVERTISEMENT










