यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग के बाद CM योगी का ऐलान, मृतकों के परिजनों और घायलों को मिलेगा इतना मुआवजा

यूपी तक

24 Sep 2026 (अपडेटेड: 24 Sep 2026, 01:23 PM)

Yamuna Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई. CM योगी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है.

Google CTA

Yamuna Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक चलती हुई स्लीपर बस में अचानक आग लगने से बेहद दर्दनाक हादसा हो गया है. जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर दूर हुए इस भयानक हादसे में बस में सवार 9 लोगों की आग में घिरकर मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए पीड़ितों के लिए मुआवजे का बड़ा ऐलान किया है. पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर करीब 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं, यात्रियों की शिकायत के आधार पर नोएडा पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को हिरासत में ले लिया है.

यह भी देखें...

सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

इस भीषण हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट लिखकर अपना गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने लिखा कि बस में आग लगने से हुई लोगों की मौत बहुत दुखद है और उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. इसके साथ ही, सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और हादसे में घायल हुए यात्रियों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.

ड्राइवर ने दी थी मरने की धमकी

इस मामले में बस में सवार सुनील कुमार नाम के एक यात्री ने एफआईआर दर्ज करवाई है. उनके मुताबिक, 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे यह हादसा हुआ. एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि बस में पहले से जलने की बदबू आ रही थी और यात्रियों ने ड्राइवर से बस रोकने को कहा था. लेकिन, ड्राइवर और कंडक्टर ने बस नहीं रोकी और उल्टा यात्रियों को धमकी देते हुए कहा कि मरना है तो मर जाओ, लेकिन बस नहीं रुकेगी. इसके कुछ ही देर बाद बस आग का गोला बन गई.

हिरासत में ड्राइवर और बस कंडक्टर

बस में कुल 40 से 50 यात्री सवार थे, जिनमें से 9 लोगों की जान इस लापरवाही के कारण चली गई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, जिस बस में आग लगी, उसका मालिक मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का रहने वाला बताया जा रहा है. नोएडा पुलिस ने इस घटना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बस के ड्राइवर और कंडक्टर को अपनी हिरासत में ले लिया है. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि आग लगने के असली कारण और घटना के समय की पूरी सच्चाई का पता लगाया जा सके.