Yamuna Expressway Bus Fire: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बेहद ही खौफनाक हादसा सामने आया है, जिसने कई परिवारों की जिंदगी हमेशा के लिए तबाह कर दी. 23 सितंबर की रात जेवर थाना क्षेत्र में जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर दूर एक चलती हुई स्लीपर बस अचानक से धधकती आग का गोला बन गई. बस में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में उसने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया. बस के अंदर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई. जान बचाने के लिए यात्री इधर-उधर भागने लगे और कुछ तो बस से नीचे कूद गए. इस भीषण हादसे में अब तक नौ लोगों की मौत हो चुकी है.
ADVERTISEMENT
इंजन से शुरू हुई थी आग
23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे हुए इस हादसे के वक्त बस में 40 से 50 यात्री सवार थे. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और करीब 20-25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. जॉइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि आग बस के इंजन से शुरू हुई थी और फ्यूल होने की वजह से अचानक भयानक रूप ले लिया. आग बुझने के बाद जब पुलिस टीम बस के अंदर गई, तो वहां 9 लोगों के शव बुरी तरह जली हुई हालत में मिले.
ड्राइवर-परिचालक हिरासत में, जांच जारी
हादसे के बाद पुलिस ने बस के ड्राइवर और परिचालक को हिरासत में ले लिया है और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है. मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. बस को पूरी तरह से ठंडा करने के बाद अंदर तलाशी अभियान भी चलाया गया. हालांकि, आग लगने का असली कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है. पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और बस में सवार यात्रियों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है.
सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश
इस दर्दनाक बस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि हादसे में घायल हुए लोगों का उचित और बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए. इसके साथ ही, सीएम ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं. यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर से सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अपने पीछे एक ऐसा दर्द छोड़ गया है जिसे शायद ही कभी भुलाया जा सकेगा.
ADVERTISEMENT










