Raebareli PDA Yatra: समाजवादी पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं. इसी कड़ी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में 'पीडीए यात्रा' की शुरुआत कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से हो रही है. रायबरेली-लखनऊ टोल पर इस यात्रा के लिए खास तौर पर एक पीडीए रथ तैयार किया गया है और जगह-जगह सपा नेताओं के पोस्टर लगाए गए हैं. यात्रा की शुरुआत को लेकर रायबरेली की बछरावां सीट से सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने बड़ा दावा करते हुए कहा है कि यह यात्रा 2027 के चुनाव का आगाज है और इसके जरिए पूरे प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी.
ADVERTISEMENT
रायबरेली से हुआ यात्रा का शंखनाद
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने कार्यकर्ताओं के काफिले के साथ इस पीडीए रथ यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं. वह रायबरेली शहर से पार्टी के विधायक राहुल लोधी से भी मुलाकात करेंगे. यात्रा की शुरुआत पर बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि 2027 के चुनाव का असली आगाज रायबरेली से ही हो रहा है. कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाले सवाल पर उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में सपा ने यहां की 6 में से 4 सीटें जीती थीं और अगर प्रशासन का दखल नहीं होता, तो सभी 6 सीटें सपा ही जीतती. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी सपा कार्यकर्ताओं ने ही राहुल गांधी को जिताने का काम किया है.
नीले रंग को लेकर विधायक का जवाब
सपा के पोस्टरों में लाल और हरे रंग के साथ-साथ अब नीले रंग को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है. इस बारे में विधायक श्याम सुंदर ने बताया कि समाजवादी पार्टी बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया और जनेश्वर मिश्र के विचारों पर चलने वाली पार्टी है. उन्होंने कहा कि ये तीनों रंग इन्हीं महापुरुषों की विचारधारा के प्रतीक हैं. बसपा के साथ गठबंधन के सवाल को टालते हुए उन्होंने साफ कहा कि सपा का गठबंधन पीडीए और समाजवादी विचारधारा के साथ है. उनकी पार्टी विचारों और आपसी भाईचारे का गठबंधन लेकर 2027 के चुनाव मैदान में उतरेगी.
बागी साथियों पर कसा तंज
रायबरेली से ही सपा के एक बागी नेता के मंत्री बन जाने के सवाल पर विधायक ने करारा तंज कसा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एक मजबूत विचारधारा पर टिकी है और ऐसे भगोड़े लोगों के आने-जाने से इस पर कोई फर्क नहीं पड़ता. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यह नौजवानों की पार्टी है और जनता ऐसे लोगों को चुनाव में जरूर सबक सिखाएगी. विधायक ने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है और यही जवानी 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाएगी.
ADVERTISEMENT










