PDA Rath Yatra: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव ने कांग्रेस के मजबूत गढ़ रायबरेली से अपनी 'पीडीए यात्रा' का आगाज कर दिया है. 'पीड़ित ही पीडीए है' का नारा देते हुए अखिलेश यादव अपने पीडीए रथ पर सवार होकर निकले. इस दौरान एक खास बात जिसने सबका ध्यान खींचा, वह थी अखिलेश यादव का रायबरेली से सपा विधायक राहुल लोधी के घर चाय पीने जाना. तेज बारिश और जलभराव के बावजूद जीआईसी मैदान में सपा कार्यकर्ताओं और खासतौर पर लोधी समाज के युवाओं का जोश देखने को मिला है. अखिलेश के इस कदम से लोधी समाज गदगद है और इसे 2027 के चुनावों के लिए एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
अखिलेश के आने से गदगद लोधी समाज
राहुल लोधी के घर अखिलेश यादव के चाय पीने के फैसले को लोधी समाज अपने लिए बड़ा सम्मान मान रहा है. अमित लोधी नाम के एक समर्थक ने कहा कि राहुल लोधी के साथ आने से पूरे प्रदेश का लोधी समाज सपा से जुड़ रहा है और इस बार 2027 में लोधी समाज पूरी ताकत से अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएगा. एक अन्य समर्थक पंकज लोधी ने कहा कि बीजेपी ने अब तक लोधी समाज को सिर्फ वोट बैंक समझा है, लेकिन अब समाज जागरूक हो गया है और अखिलेश यादव के इस कदम से पूरा समाज राहुल लोधी के पक्ष में एकजुट है.
बीजेपी पर लगाया अनदेखी का आरोप
युवाओं ने विधायक राहुल लोधी के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार को लेकर भारी नाराजगी दिखाई है. सूरज लोधी ने कहा कि उनका समाज बिना मांगे बीजेपी को वोट देता था, लेकिन एक चुने हुए विधायक के साथ प्रशासन द्वारा की गई धक्का-मुक्की और मारपीट से पूरा समाज आहत है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में लोधी समाज सबसे ज्यादा पीड़ित है और बीजेपी के नेता इस पर चुप्पी साधे रहते हैं.
युवाओं ने दिया 'बदलाव' का नारा
तेज बारिश के बीच कुर्सियों को सिर पर रखकर खुद को बचाते हुए युवाओं ने अखिलेश यादव के समर्थन में जमकर नारेबाजी की है. सुशील लोधी ने कहा कि युवाओं के अंदर जोश है और वे 2027 में भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे. 'लोधी समाज की एक ही आवाज, बदल के रहेंगे आज का राज' जैसे नारों के साथ लोधी समाज ने साफ कर दिया है कि राहुल लोधी के घर अखिलेश यादव के आने से बिरादरी में एक नई उमंग है.
ADVERTISEMENT










