Muzaffarnagar Harassment Case: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक महिला के साथ दिनदहाड़े छेड़छाड़ का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. खतौली कस्बे में मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला के साथ एक मनचले ने सरेआम छेड़खानी की, जिसकी पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, लोगों में भारी गुस्सा फूट पड़ा. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस तुरंत हरकत में आई और कुछ ही घंटों के अंदर आरोपी भूरा उर्फ कामिल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी लंगड़ाते हुए नजर आया है.
ADVERTISEMENT
सीसीटीवी में कैद हुई खौफनाक वारदात
यह पूरी घटना मुजफ्फरनगर के खतौली कस्बे की है. जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर की सुबह एक महिला अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या के तहत मॉर्निंग वॉक पूरी कर अपने घर लौट रही थी. तभी अचानक पीछे से दौड़ता हुआ एक युवक आया और उसने महिला के साथ गंदी हरकत करनी शुरू कर दी. महिला के शोर मचाने पर आरोपी तुरंत वहां से फरार हो गया, लेकिन पास ही एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई.
वायरल वीडियो पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
महिला के साथ छेड़छाड़ का यह सीसीटीवी फुटेज जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो लोगों ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी. वीडियो का संज्ञान लेते हुए खतौली पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की पहचान करने में जुट गई. सीओ खतौली ने बताया कि पुलिस ने वीडियो की जांच कर आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगा दी थीं.
कुछ ही घंटों में पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी
पुलिस की सक्रियता का असर यह हुआ कि देर शाम तक ही आरोपी भूरा उर्फ कामिल को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद सामने आए एक वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों के कंधों के सहारे लंगड़ाता हुआ थाने पहुंचता दिखा. जब पुलिस ने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उसने जवाब दिया कि वह नशे में था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT










