Akhilesh Yadav vs Manoj Pandey: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक पारा चढ़ने लगा है. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रायबरेली से अपनी 'पीडीए यात्रा' का शंखनाद कर दिया है. रायबरेली में उमड़ी भारी भीड़ को संबोधित करते हुए अखिलेश ने सत्ता पक्ष बीजेपी पर जमकर निशाना साधा और सपा से बगावत करने वाले विधायकों को भी निशाने पर लिया. अखिलेश ने इशारों-इशारों में कहा कि 'जो भागेगा, वो हारेगा,' जिसका सीधा इशारा रायबरेली (ऊंचाहार) के विधायक मनोज पांडे की तरफ माना जा रहा है. वहीं, अखिलेश के इस हमले के बाद मनोज पांडे ने भी सपा मुखिया पर तीखा पलटवार किया है.
ADVERTISEMENT
'जो भागेगा वो हारेगा', अखिलेश की ललकार
रायबरेली में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि रायबरेली की जनता ने बीजेपी को हराने का मन बना लिया है. भीड़ से बात करते हुए उन्होंने कहा, "अब तो मौसम भी बदल रहा है, हवा भी बदल रही है, जो भागेगा वो हारेगा." अखिलेश का यह बयान उन विधायकों (मनोज पांडे, राकेश प्रताप सिंह और अभय सिंह) के लिए था, जिन्होंने 2023 के राज्यसभा चुनाव में सपा के खिलाफ वोट किया था और जिन्हें बाद में जुलाई 2025 में पार्टी से निकाल दिया गया था. अखिलेश ने 2027 के चुनाव का फॉर्मूला देते हुए कहा कि 2024 में हमने हराया है और 2027 में हमेशा के लिए हरा देंगे.
मनोज पांडे का अखिलेश के 'रथ' पर तंज
अखिलेश यादव के इस हमले का जवाब देते हुए मनोज पांडे ने सपा की पीडीए यात्रा और उनके रथ पर करारा प्रहार किया. मनोज पांडे ने कहा, "यह बात वो लोग कर रहे हैं जो 30 करोड़ की गाड़ी से चल रहे हैं, जिनकी गाड़ियों में सेवन स्टार सुविधाएं हैं." उन्होंने कहा कि आज जब यूपी के 5000 से ज्यादा गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा गया है, तब 30 करोड़ के रथ पर चलने वाले सड़कों पर सवाल उठा रहे हैं.
पीडीए और धर्म के नाम पर सपा को घेरा
मनोज पांडे ने अखिलेश यादव को घेरते हुए कहा कि पीडीए की परिभाषा इतनी बार बदली गई है . उन्होंने धर्म के मुद्दे पर भी सपा को आड़े हाथों लिया और पूछा, "जो खुद को कृष्ण का अवतार बताते हैं, क्या उनमें यह कहने का साहस है कि मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर बनना चाहिए?" पांडे ने सपा पर रामचरितमानस का अपमान करने, हिंदू देवी-देवताओं का विरोध करने और रामभक्तों पर गोलियां चलवाने का भी आरोप लगाया. साथ ही, उन्होंने कहा कि सपा जब सत्ता में होती है तो आरक्षण और संविधान की धज्जियां उड़ाकर पिछड़े और दलितों को नौकरी से वंचित करती है.
ADVERTISEMENT










