Kanpur Crime News: कानपुर का चौबेपुर इलाका कभी विकास दुबे की दहशत के लिए जाना जाता था. अब वहां फिर से कुछ लोग उसी तरह की दबंगई दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. यहां एक माखन यादव नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक 14 साल की नाबालिक लड़की को जबरन अगवा कर शादी करने की कोशिश की. लेकिन गांव वालों ने उसकी इस योजना को नाकाम कर दिया. लड़की के विरोध और शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी अपनी जान बचाकर भाग निकले.
ADVERTISEMENT
नाबालिग को अगवा करने की कोशिश
यह घटना 14 सितंबर की बताई जा रही है. नाबालिग लड़की, जो कक्षा आठ की छात्रा है, मंदिर जा रही थी. तभी गांव के माखन यादव उर्फ मोहन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोका और जबरदस्ती अपनी कार में बैठाने की कोशिश की. लड़की ने इसका विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण इकट्ठा होने लगे. भीड़ बढ़ती देखकर आरोपी घबरा गए और लड़की को वहीं छोड़कर भाग निकले.
धमकी और पुलिस पर गंभीर आरोप
पीड़ित लड़की की मां का आरोप है कि उसकी बेटी को पहले भी स्कूल आते-जाते समय परेशान किया जाता था. आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था और ऐसा न करने पर माता-पिता को जान से मारने की धमकी दे रहा था. लड़की की मां ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पुलिस इन दबंगों से मिली हुई है और उनकी मदद कर रही है. हालांकि, पुलिस इन आरोपों से इनकार कर रही है.
19 लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर
इस पूरे मामले पर एसीपी अंकित कुमार ने जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि यह मामला चौबेपुर थाना क्षेत्र के कंजती गांव का है. पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में माखन यादव सहित चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों की तलाश कर रही है.
ADVERTISEMENT










