Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां दिनदहाड़े बीच बाजार में दो लड़कियों के साथ सरेआम छेड़खानी की गई. लाल कुर्ती थाना क्षेत्र के बाजार में हुई इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मामले में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है.
ADVERTISEMENT
बाजार में लड़कियों से सरेआम छेड़छाड़
यह पूरी घटना शुक्रवार दोपहर की है. दो युवतियां मेरठ के लाल कुर्ती पैठ बाजार (नाला रोड) में खरीदारी करने गई थीं. भीड़भाड़ वाले बाजार में जब वे एक दुकान के पास बैठी थीं, तभी स्कूटी पर बैठे दो लड़कों ने उन पर छींटाकशी शुरू कर दी. लड़कियों ने जब इस गंदी हरकत का कड़ा विरोध किया, तो आरोपियों ने सुधरने के बजाय उनके साथ जमकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. हंगामा बढ़ता देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद दोनों लड़के वहां से अपनी स्कूटी लेकर फरार हो गए.
सीसीटीवी से हुई आरोपियों की पहचान
मनचलों की यह पूरी शर्मनाक करतूत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है. घटना की सूचना मिलते ही लाल कुर्ती थाना पुलिस और एंटी रोमियो टीम तुरंत हरकत में आ गई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए बिना किसी देरी के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर ली.
पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में तत्काल एक्शन लेते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान कामिल (निवासी जामुन मोहल्ला, लाल कुर्ती) और सोफियान (निवासी सोतीगंज, थाना सदर) के रूप में हुई है. पुलिस चौकी प्रभारी की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और दोनों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.
ADVERTISEMENT










