अबान को आज पिता अतीक के पास किया जाएगा सुपुर्द-ए-ख़ाक, बेटे का कसारी-मसारी कब्रिस्तान से जुड़ा है ये इतिहास

यूपी तक

• 01:20 PM • 08 Aug 2026

Abaan Ahmed death: झांसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अबान अहमद को आज प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. इसी जगह वह अपने पिता अतीक, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र पर भावुक होकर रोया था.

Google CTA

Abaan Ahmed death: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है. अबान को आज उसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा, जहां वह अपने पिता अतीक और चाचा अशरफ की कब्र पर फूट-फूटकर रोया था. अबान अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाया था, क्योंकि उस वक्त वह बाल सुधार गृह में था. अबान को इस बात का गहरा दुख था कि वह पिता के जनाजे में शामिल नहीं हो सका था. 

यह भी देखें...

अतीक के जनाजे में नहीं जा सका था आबान

उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक के परिवार पर पुलिस का शिकंजा कस गया था. इसी दौरान अबान और उसके भाई एजम को प्रयागराज के बाल संरक्षण गृह में भेज दिया गया. 13 अप्रैल 2023 को असद का एनकाउंटर हुआ और 15 अप्रैल को अतीक-अशरफ की हत्या हो गई. उस वक्त अबान और एजम बाल संरक्षण गृह में ही थे. कानूनी प्रक्रिया और नाबालिग होने के कारण उन्हें पिता, चाचा और भाई के जनाजे में शामिल होने की इजाजत नहीं मिली थी.

7 महीने बाद कब्र पर जाकर रोया

अक्टूबर 2023 में बाल कल्याण समिति के आदेश पर अबान और एजम को उनकी बुआ की कस्टडी में सौंप दिया गया. बाल सुधार गृह से बाहर आते ही दोनों भाई सबसे पहले कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंचे. वहां उन्होंने पिता अतीक, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र पर फातिहा पढ़ा. जब अबान फातिहा पढ़ने के गया तो फूट-फूटकर रोने लगा था, जिससे ये जाहिर था कि उसे पिता के जनाजे में शामिल न हो पाने का बहुत दुख था. 

रील के विवाद से आया था चर्चा में

बाल सुधार गृह से निकलने के बाद अबान आम लोगों और मीडिया की नजरों से दूर हो गया था. लेकिन साल 2025 में वह तब अचानक चर्चा में आया, जब वह जेल में बंद अपने बड़े भाई अली से मिलने पहुंचा था. इसके बाद एक शादी समारोह का उसका वीडियो (रील) सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके भड़काऊ होने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात भी सामने आई थी.

ब्रेन हैमरेज और ज्यादा खून बहने से मौत

गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में हुए भीषण हादसे में आबान और उसके दोस्त की जान चली गई. डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ है कि कार की भयंकर टक्कर से उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था. इसके अलावा लिवर, हार्ट और आंत जैसे अंदरूनी अंग भी बुरी तरह डैमेज हो गए थे. ज्यादा खून बहने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.

पिता के पास ही खोदी गई है कब्र

शुक्रवार सुबह अबान का शव प्रयागराज पहुंच गया है, जिसे फिलहाल हटवा गांव में उसकी चाची के घर रखा गया है. अबान को आज कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. उसकी कब्र पिता अतीक, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद के पास ही खोदी गई है. अबान के जनाजे को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.