राहुल गांधी के प्रयागराज पहुंचने से पहले पोस्टर वॉर, ‘ड्रामा’ वाले पोस्टर फाड़ कांग्रेस ने लगाए नए बैनर

यूपी तक

• 07:40 PM • 08 Aug 2026

प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पोस्टर वॉर शुरू हो गया है. राहुल पर सवाल उठाने वाले पोस्टर कांग्रेस नेताओं ने हटाकर नए बैनर लगा दिए गए हैं, जिससे शहर में सियासी हलचल तेज हो गई है.

Google CTA

Rahul Gandhi Prayagraj: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज, 8 अगस्त को कांग्रेस नेता राहुल गांधी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं. लेकिन राहुल के आने से पहले ही शहर में पोस्टर वॉर शुरू हो गया है. दरअसल, शहर के कई चौराहों पर कुछ ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें राहुल गांधी से सवाल किया गया था कि जब झारखंड के छात्र मांग कर रहे हैं, तो वह वहां न जाकर प्रयागराज में ड्रामा करने क्यों आए हैं? सुबह-सुबह ही इन पोस्टरों को फाड़कर उनके ऊपर कांग्रेस नेताओं ने अपने नए पोस्टर चिपका दिए हैं.

यह भी देखें...

शाम 5 बजे केपी ग्राउंड में है कार्यक्रम

प्रयागराज को यूपी में युवाओं की राजधानी कहा जाता है. बड़ी संख्या में छात्र यहां रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए, आज शाम 5 बजे जॉर्ज टाउन के केपी ग्राउंड (एमजी मार्ग) में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. राहुल गांधी यहां उत्तर प्रदेश के छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे. वे उन छात्रों का मुद्दा उठाएंगे जो सालों से भर्तियों का इंतजार कर रहे हैं या पेपर लीक और गड़बड़ी के कारण कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं.

पोस्टर में पूछे गए तीखे सवाल

सुबह शहर में जो पोस्टर लगे थे, उनमें राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला गया था. पोस्टर में लिखा था- "जब झारखंड के छात्र मांग रहे हैं... तो राहुल प्रयागराज ड्रामा करने क्यों आए?" एक अन्य पोस्टर पर लिखा था- "मेरे राहुल... झारखंड बुला रहा है, कब आओगे?" इन पोस्टरों में रांची में जेएसएससी (JSSC) और जेपीएससी (JPSC) की भर्तियों को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन का जिक्र करते हुए राहुल के वहां न जाने पर सवाल उठाए गए थे.

कांग्रेस ने फाड़े पोस्टर, लगाए नए बैनर

जैसे ही ये पोस्टर सामने आए, कांग्रेसी नेताओं और पदाधिकारियों ने तुरंत उन्हें फाड़ना शुरू कर दिया. फाड़े गए पोस्टरों के ठीक ऊपर कांग्रेस ने अपने नए और बड़े पोस्टर लगा दिए. इन नए पोस्टरों पर लिखा है- "जॉब नहीं मिलेगा, तो सिंहासन हिलेगा- छात्रों की गूंज." इसी तरह के पोस्टर प्रयागराज के कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह की तरफ से भी शहर के कई चौक-चौराहों पर लगाए गए हैं.