अलीगढ़ कांग्रेस कार्यालय में भिड़े नेता, जमकर बरसे लात-घूंसे... वीडियो हुआ वायरल

Aligarh Congress office: अलीगढ़ कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई है. इस दौरान जमकर थप्पड़ और चप्पलें चलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

यूपी तक

• 03:06 PM • 29 Jun 2026

follow google news

Aligarh Congress office: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से राजनीतिक मर्यादा को तार-तार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां रेलवे रोड पर स्थित कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नेताओं के बीच जमकर लात-घूंसे, लातें और चप्पलें चल गई. यह हंगामा उस समय हुआ जब कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी तौकीर आलम मीडिया के सामने पार्टी की बात रखने वाले थे. लेकिन उनके बोलने से पहले ही पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई थी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

पार्टी के बड़े नेताओं में मारपीट

यह पूरी लड़ाई किसी बाहरी व्यक्ति के कारण नहीं हुई थी, बल्कि कांग्रेस के अपने ही नेताओं के बीच हुई थी. बताया जा रहा है कि सेवा दल के पूर्व सचिव सोनू वाल्मीकि और पार्टी के महानगर उपाध्यक्ष शाहिद गुड्डू के बीच अचानक किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी. बात इतनी बिगड़ गई कि शब्दों की मर्यादा टूट गई और नौबत मारपीट तक आ गई थी. हद तो तब हो गई जब इस विवाद को शांत कराने आए पूर्व जिला अध्यक्ष आलोक गड को भी शाहिद गुड्डू ने थप्पड़ जड़ दिया था. यह पूरा ड्रामा वहां मौजूद कैमरों में कैद हो गया था.

पुरानी रंजिश के कारण हुआ हंगामा

अब हर तरफ यह सवाल उठ रहा है कि आखिर पार्टी कार्यालय के अंदर ऐसी नौबत क्यों आई थी. दरअसल, इस आपसी लड़ाई के तार एक पुरानी घटना से जुड़े हुए हैं. सोनू वाल्मीकि का आरोप है कि हाल ही में आयोजित किए गए एक कैंडल मार्च के दौरान उन्हें गाली दी गई थी. इसी पुरानी रंजिश और गुस्से का गुबार इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में फूट पड़ा था, जिसके कारण पूरी पार्टी को मीडिया के सामने शर्मिंदगी उठानी पड़ी है.

महानगर अध्यक्ष का चौंकाने वाला दावा

इस पूरे मामले पर कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष नावेद खान का एक बेहद चौंकाने वाला बयान सामने आया है. उन्होंने इस घटना से साफ पल्ला झाड़ते हुए कहा है कि प्रेस वार्ता में कोई बाहरी व्यक्ति नशे की हालत में घुस आया था, जिसे पहले कभी वहां नहीं देखा गया था. नावेद खान के मुताबिक, कार्यालय में 2027 के चुनाव की तैयारियां चल रही थीं, तभी शराब के नशे में धुत एक बाहरी युवक आया और गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करने लगा था. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उसे धक्के मारकर बाहर निकाल दिया था. हालांकि, इस घटना ने संगठन के भीतर एकजुटता और आपसी तालमेल पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.