अलीगढ़ में 25 हजार का इनामी बदमाश फरमान का एनकाउंटर, गोकशी समेत कई गंभीर आपराधिक मामले थे दर्ज

यूपी तक

28 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

अलीगढ़ पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश फरमान गिरफ्तार हुआ. गोकशी मामले में वांछित आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

Aligarh Police Encounter

Aligarh Police Encounter (Photo: AI Generated)

Google CTA

Aligarh Police Encounter: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश फरमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, फरमान सितंबर 2025 से गोकशी के एक मामले में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी. शनिवार को मिली खुफिया सूचना के आधार पर सिटी एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की. इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया.

यह भी पढ़ें...

खुफिया सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

अलीगढ़ के एसपी सिटी आदित्य बंसल ने बताया कि शनिवार को सिटी एसओजी और स्थानीय थाना पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सितंबर 2025 से गोकशी के एक मामले में वांछित फरमान अपने साथियों के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की. पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पहले से लगातार छापेमारी की जा रही थी और सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी.

जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी

पुलिस के मुताबिक, खुद को चारों तरफ से घिरता देख फरमान ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया. वहीं, उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा. पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया है और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.

बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल, अवैध .315 बोर की पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, फरमान के खिलाफ गोकशी सहित कई गंभीर आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं. फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

(आज तक के इनपुट से)