ITBP DIG परमिंदर सिंह की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची स्कॉर्पियो; कार से हुई जोरदार भिड़ंत

यूपी तक

15 Aug 2026 (अपडेटेड: 15 Aug 2026, 04:09 PM)

सहारनपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ITBP के DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई. बता दें यह हादसा सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास हुआ.

ITBP DIG Parminder Singh Death

ITBP DIG Parminder Singh Death News

Google CTA

ITBP DIG Parminder Singh Death: सहारनपुर में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ITBP के DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर की मौत हो गई. बता दें यह हादसा सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास हुआ. जानकारी के मुताबिक DIG की स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी लेन में जा पहुंची. इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें DIG के गनर जयराम भी शामिल हैं.

यह भी पढ़ें...

दूसरी लेन में पहुंची स्कॉर्पियो

बताया जा रहा है कि DIG परमिंदर सिंह मसूरी से ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अंबाला जा रहे थे. उनके साथ ड्राइवर रवि शंकर और गनर जयराम भी मौजूद थे. झबीरन कट के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर के बाद वाहन दूसरी लेन में पहुंच गया, जहां सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से उसकी भिड़ंत हो गई. दोनों वाहनों को हादसे में काफी नुकसान पहुंचा.

DIG और ड्राइवर को मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया. वहीं गनर जयराम के हाथ में चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है. स्विफ्ट डिजायर में सवार तीन लोगों में भी चोटें आई हैं. इनमें एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है.

हरिद्वार जा रहा था स्विफ्ट डिजायर सवार परिवार

पुलिस के मुताबिक स्विफ्ट डिजायर में एक परिवार सवार था, जो हरिद्वार की ओर जा रहा था. घायलों की पहचान गुरुनानक सिंह, देवेंद्र कौर और गुरुनाम सिंह के रूप में हुई है. तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने हादसे के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए.

SP ने बताया कैसे हुआ हादसा

SP शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया, 'सुबह करीब 9:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली गई और स्विफ्ट डिजायर से टकरा गई.' DIG परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं. पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है.