Flood Warning In UP: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम विभाग ने आकस्मिक बाढ़ (Flash Flood) को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है. भारतीय मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक, प्रदेश के 9 जिलों के कुछ वाटरशेड में आकस्मिक बाढ़ की हल्की से मध्यम संभावना जताई गई है. इसके साथ ही प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने और आने वाले दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
ADVERTISEMENT
इन 9 जिलों में फ्लैश फ्लड का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बदायूं, बुलंदशहर और कासगंज के कुछ वाटरशेड में आकस्मिक बाढ़ की हल्की से मध्यम संभावना है.
यानी इन जिलों के चिन्हित जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक पानी बढ़ने की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग के इस अपडेट के बाद संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की जरूरत बताई गई है.
मानसूनी सक्रियता बढ़ने का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी पर बना अवदाब क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है. इसके आज दोपहर झारखंड में रांची के पास केंद्रित होने और अगले छह घंटों के दौरान झारखंड तथा उससे लगे उत्तरी छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने की संभावना है.
इसके साथ ही मानसूनी द्रोणी का पश्चिमी छोर अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसक रहा है. यह फिरोजपुर, मुजफ्फरनगर, फतेहगढ़, डाल्टनगंज से होते हुए अवदाब के केंद्र और फिर दीघा से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है.
17 अगस्त तक कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, इन मौसमी परिस्थितियों के चलते प्रदेश में मानसूनी प्रवाह मजबूत होगा और मानसून की सक्रियता बढ़ेगी. इसके प्रभाव से 17 अगस्त तक प्रदेश में कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. वहीं, 19 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया गया है.
ADVERTISEMENT











