Varanasi-Madhubani Painting Dispute: वाराणसी में जुमे की नमाज से पहले ज्ञानवापी मस्जिद और काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 के बाहर माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया. बता दें मस्जिद के पास एक दीवार पर मधुबनी शैली की पेंटिंग बनाई गई थी, जिसको लेकर विरोध की आशंका जताई जा रही थी. लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया. हालांकि नमाज शांतिपूर्वक खत्म हुई और कोई हंगामा नहीं हुआ. यह मामला उस छोटी दीवार से जुड़ा है, जो ज्ञानवापी मस्जिद की बेरिकेडिंग के पास है. इस दीवार की ऊंचाई करीब डेढ़ से दो फीट बताई जा रही है. हाल ही में इस पर गेरुआ रंग किया गया और मधुबनी शैली की पेंटिंग बनाई गई. यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे से पहले किया गया था.
ADVERTISEMENT
29 अप्रैल को प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे थे. वहां उन्होंने पूजा की और गेट नंबर 4 से मंदिर तक गए. इसी रास्ते में यह दीवार भी पड़ती है. उनके स्वागत की तैयारी के तहत ही इस दीवार को सजाया गया था. जब इस पेंटिंग की जानकारी मुस्लिम समाज के लोगों को हुई, तो नाराजगी सामने आई. जुमे की नमाज के दिन विरोध की बात भी कही जाने लगी. इसी को देखते हुए पुलिस, पीएसी और अन्य फोर्स को तैनात कर दिया गया. अलग-अलग थानों से भी पुलिसकर्मी बुलाए गए.
हालांकि नमाज के दौरान कोई विरोध नहीं हुआ. नमाजियों ने शांति बनाए रखी. लेकिन कुछ लोगों ने कहा कि पहले जो स्थिति थी, उसे बदलने की जरूरत नहीं थी. उनका मानना है कि ऐसे काम से आपसी भाईचारे पर असर पड़ सकता है.
वाराणसी के मुफ्ती-ए-बनारस मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी ने इस पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि यह जमीन वक्फ की है और उस पर बिना इजाजत पेंटिंग बनाई गई है. उन्होंने बताया कि इस बारे में उन्होंने कई बार अधिकारियों से बात की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. मुफ्ती ने यह भी कहा कि उन्होंने लिखित शिकायत दी है और फिर से अधिकारियों से मिलकर पेंटिंग हटाने की मांग करेंगे. उनका कहना है कि मस्जिद की जमीन पर कोई भी काम करने से पहले मस्जिद कमेटी की मंजूरी जरूरी है. अगर ऐसा नहीं होता है, तो आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा.
वहीं, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल का कहना है कि पेंटिंग में कुछ भी गलत या आपत्तिजनक नहीं है. उनके मुताबिक यह सिर्फ एक सांस्कृतिक चित्र है. उन्होंने यह भी कहा कि यह दीवार मस्जिद के अंदर नहीं आती. अगर कोई कानून हाथ में लेता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में शांति है. पुलिस पूरी नजर बनाए हुए है. लेकिन इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की राय अलग-अलग बनी हुई है.
ADVERTISEMENT









