Jhansi News: झांसी के मऊरानीपुर में एक अजीबोगरीब मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.शिवगंज मोहल्ला के रहने वाले पुष्पेंद्र वर्मा ने अपनी 22 साल की पत्नी करिश्मा पर 55 साल के ग्राम प्रधान पति के साथ ढाई लाख कैश और जेवर लेकर फरार होने का आरोप लगाया था. लेकिन जैसे ही यह फरार पत्नी थाने पहुंची उसने पति के दावों की हवा निकाल दी. करिश्मा का कहना है कि प्रधान पति उसके पिता समान हैं. वह अपने पति से परेशान होकर अपने रिश्तेदार के घर गई थी जिसके बाद उसपर इस तरह के आरोप लगाए गए.
ADVERTISEMENT
पति ने लगाए गहने और पैसे लेकर भागने का आरोप
पुष्पेंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल की शाम जब वह घर पर नहीं था तब उसकी पत्नी करिश्मा गांव के प्रधान पति के साथ चली गई. पुष्पेंद्र का दावा है कि घर से ढाई लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने भी गायब हैं. उसका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही प्रधान पति का घर आना-जाना बढ़ गया था और दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों का विरोध करने पर यह कदम उठाया गया.
भागने की बात झूठ वह तो मेरे पिता समान हैं
मामले में ट्विस्ट तब आया जब करिश्मा खुद मऊरानीपुर थाने पहुंच गई. उसने भागने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह किसी के साथ नहीं भागी बल्कि प्रताड़ना से तंग आकर ग्वालियर अपने रिश्तेदारों के पास गई थी. करिश्मा ने इमोशनल होते हुए कहा कि 'मेरे माता-पिता नहीं हैं. प्रधान पति मेरे लिए पिता समान हैं और उन्होंने हमेशा मेरा सहारा दिया है.' इस दौरान करिश्मा ने अपने पति पर ही मानसिक उत्पीड़न का आरोप जड़ दिया.
मेरे खिलाफ साजिश हो रही है
इधर 55 साल प्रधान पति ने इस पूरे मामले को एक साजिश बताया है. उनके अनुसार, कुछ दिन पहले तहसील में पति-पत्नी के विवाद को लेकर एक पंचायत हुई थी जिसमें पुष्पेंद्र को अपनी बेसहारा पत्नी का ख्याल रखने या गुजारा भत्ता देने की हिदायत दी गई थी. प्रधान पति का दावा है कि इसी बात से चिढ़कर पुष्पेंद्र ने उन्हें बदनाम करने के लिए यह झूठी कहानी गढ़ी है. फिलहाल, मऊरानीपुर पुलिस दोनों पक्षों के विरोधाभासी बयानों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









