'मुझे यहां से ले जाओ...' आखिरी फोन कॉल की दर्दनाक दास्तां, बेड पर बेसुध मिली नवविवाहित सपना साहू की बॉडी

झाँसी के झारखड़िया मोहल्ले में शादी के महज 4 महीने बाद नवविवाहिता सपना साहू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत. भाई का आरोप- 'ससुराल वाले सोने की चेन और एसी के लिए कर रहे थे प्रताड़ित, आखिरी फोन पर बहन ने रोते हुए कहा था मुझे यहां से ले जाओ.'

Jhansi Crime News

Jhansi Crime News

Jhansi Crime News: झांसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां झारखड़िया मोहल्ले में महज चार महीने पहले ब्याही गई नवविवाहिता सपना साहू (32 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

यह भी पढ़ें...

एसी और सोने की चेन के लिए प्रताड़ना का आरोप

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सपना साहू का विवाह इसी साल 20 फरवरी 2026 को बिसाती बाजार में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले अभिषेक साहू से हुआ था. सपना के भाई सत्येंद्र साहू का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वाले दहेज को लेकर असंतुष्ट थे. वे लगातार सोने की चेन, एसी (AC) और अन्य कीमती सामान की मांग कर रहे थे. भाई का कहना है कि हाल ही में उन्होंने नया कूलर भी खरीद कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी बहन पर जुल्म कम नहीं हुए.

'मुझे यहां से ले जाओ...' आखिरी फोन कॉल की दर्दनाक दास्तां

परिजनों ने बताया कि सपना बीती 18 जून को ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी. शनिवार रात करीब 11 बजे उसकी अपने भाई से फोन पर आखिरी बार बात हुई थी. भाई सत्येंद्र का दावा है कि सपना ने रोते हुए कहा था, "मुझे यहां से ले जाओ, मेरा मन नहीं लग रहा है." परिवार ने घर में बड़े ससुर की त्रयोदशी का कार्यक्रम होने के कारण उसे मंगलवार को आकर विदा कराने का भरोसा दिया था, लेकिन किसे पता था कि मंगलवार आने से पहले ही यह अनहोनी हो जाएगी.

बेड पर बेसुध मिली लाश, कोतवाली पुलिस जांच में जुटी

रविवार सुबह अचानक सपना के पति अभिषेक का फोन मायके पहुंचा कि सपना कुछ बोल नहीं रही है. अनहोनी की आशंका में जब मायके वाले आनन-फानन में ससुराल पहुंचे, तो सपना कमरे में बेड पर बेसुध पड़ी थी. उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. भाई सत्येंद्र साहू का सीधा आरोप है कि पति द्वारा समय न दिए जाने और ससुराल वालों की मानसिक प्रताड़ना के चलते उनकी बहन की हत्या की गई है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मायके पक्ष की लिखित शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस पूरी तरह एक्शन में है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल, पुलिस शिकायत के आधार पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: शादी के 2 महीने बाद मीनू ने पति हिमांशु को बनाकर दिए पराठे और वो ऑफिस चला गया... पीछे हो गई पत्नी की मौत, हुआ क्या?